नितिन नबीन निर्विरोध चुने गए BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को औपचारिक रूप से नितिन नबीन को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है. 45 वर्षीय नबीन, जो इससे पहले पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे, को सर्वसम्मति और निर्विरोध रूप से इस शीर्ष पद के लिए चुना गया.
इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका भव्य अभिनंदन किया.
इस अवसर पर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और देश भर से आए वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे.
नितिन नबीन के चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह से एकतरफा रही. राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण के अनुसार, नामांकन और जांच प्रक्रिया के बाद केवल नितिन नबीन का ही एकमात्र वैध नामांकन शेष बचा था. सोमवार को उनके समर्थन में नामांकन के कुल 37 सेट दाखिल किए गए थे, जिनमें से सभी को वैध पाया गया.
पार्टी के संविधान के अनुसार, 36 में से 30 राज्य इकाई अध्यक्षों के चुनाव के बाद इस राष्ट्रीय चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया था. पदभार संभालने से पहले नबीन ने दिल्ली के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर और गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया.
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नबीन की नियुक्ति से संगठन में युवा ऊर्जा का संचार होगा और प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को नई गति मिलेगी.