मचाडो-ट्रंप के बीच नहीं बंटेगा नोबेल शांति पुरस्कार, संस्थान ने लगाई रोक
ओस्लो । डेस्क: वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो द्वारा अपना नोबेल शांति पुरस्कार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को समर्पित करने या उनके साथ साझा करने की इच्छा पर नोबेल संस्थान ने कड़ा रुख अपनाया है. नॉर्वेजियन नोबेल संस्थान ने शुक्रवार को एक स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा कि एक बार नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा होने के बाद इसे न तो रद्द किया जा सकता है, न ही किसी और को स्थानांतरित या साझा किया जा सकता है.
संस्थान ने स्पष्ट किया कि पुरस्कार को लेकर लिया गया निर्णय अंतिम होता है और यह हमेशा के लिए स्थिर रहता है.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब मारिया मचाडो ने 'फॉक्स न्यूज' को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि वह वेनेजुएला के लोगों की ओर से यह सम्मान राष्ट्रपति ट्रंप के साथ साझा करना चाहती हैं.
मचाडो का मानना है कि निकोलस मादुरो को पकड़ने के सफल अमेरिकी अभियान के माध्यम से ट्रंप ने वेनेजुएला में लोकतांत्रिक परिवर्तन की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है.
हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप ने मचाडो की प्रशंसा तो की है, लेकिन वेनेजुएला के शासन के लिए उन्होंने फिलहाल कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज का समर्थन किया है.
ट्रंप ने मचाडो को एक "अच्छी महिला" बताते हुए कहा कि उनके पास वर्तमान में शासन करने के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं है, लेकिन उन्होंने नोबेल पुरस्कार साझा करने के प्रस्ताव को एक "बड़ा सम्मान" जरूर बताया है.