युवक के खाते में जमा हुये 1 सितिलियन ट्रिलियन रुपये
नई दिल्ली । डेस्क: नोएडा, उत्तर प्रदेश के एक 20 वर्षीय युवक दीपक को अपने कोटक महिंद्रा बैंक खाते में एक अविश्वसनीय राशि - 1 सितिलियन ट्रिलियन रुपये (37 अंकों की राशि: 10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 रुपये) जमा होने की सूचना मिली.
यह खाता मूल रूप से उनकी मां गायत्री देवी का था, जिनका दो महीने पहले निधन हो गया.
3 अगस्त की रात को दीपक को 1.13 लाख करोड़ रुपये के क्रेडिट का नोटिफिकेशन मिला, जिसके बाद वह हैरान रह गये. उन्होंने अपने दोस्तों के साथ इस मैसेज को साझा किया और शून्यों की गिनती करने को कहा.
अगली सुबह, दीपक ने बैंक जाकर इस लेनदेन की पुष्टि की.
बैंक अधिकारियों ने खाते में इस विशाल राशि की पुष्टि की, लेकिन संदिग्ध जमा राशि के कारण खाता फ्रीज कर दिया गया.
मामला तुरंत आयकर विभाग को सौंप दिया गया, जो अब इसकी औपचारिक जांच कर रहा है.
अधिकारियों का कहना है कि यह एक तकनीकी त्रुटि, बैंकिंग गड़बड़ी या मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास हो सकता है. जांच पूरी होने के बाद ही धन के स्रोत का पता चल सकेगा.
इस खबर के फैलने के बाद दीपक को रिश्तेदारों, दोस्तों और पड़ोसियों के फोन कॉल्स की बाढ़ आ गई, जिसके चलते उन्होंने अपना फोन बंद कर दिया.
सोशल मीडिया पर भी इस घटना ने तहलका मचा दिया. एक यूजर ने इसे बैंक सॉफ्टवेयर में त्रुटि या मैनुअल एंट्री की गलती बताया, जबकि दूसरे ने मजाक में कहा कि दीपक अब अंबानी से भी अमीर हो गये हैं.
कोटक महिंद्रा बैंक ने इस मामले पर बयान जारी करते हुये कहा, “मीडिया में ग्राहक के खाते में असामान्य रूप से बड़ी राशि की खबरें गलत हैं. हम ग्राहकों से अनुरोध करते हैं कि वे अपने खाते का विवरण कोटक की मोबाइल बैंकिंग ऐप या नेट बैंकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से जांचें. बैंक के सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और सभी सेवायें सुरक्षित हैं.”