आजादी के 'अमृत महोत्सव' के बीच अंधेरे में दंतेवाड़ा का नोरली गांव
दंतेवाड़ा । संवाददाता: देश एक तरफ जहां विकास के 'अमृतकाल' का जश्न मना रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से सरकारी दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है. जिला मुख्यालय से सटे गीदम ब्लॉक के ग्राम नोरली में आज भी ग्रामीण आदिम युग जैसी परिस्थितियों में जीने को मजबूर हैं. जिला मुख्यालय से महज 11 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस गांव में न तो बिजली है, न ही बच्चों के लिए स्कूल और न ही व्यवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र.
पंचायत हिडपाल के आश्रित ग्राम नोरली की विडंबना यह है कि यहां साल 2003 में बिजली के खंभे तो गाड़ दिए गए थे, लेकिन दो दशक बीत जाने के बाद भी उनमें बिजली के तार नहीं दौड़ पाए. ग्रामीण बताते हैं कि वे पिछले 20 सालों से अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं और कई बार आवेदन देने के बावजूद उन्हें सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले.
हालांकि, हाल ही में विभाग की कुछ हलचल बढ़ने से ग्रामीणों में एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी है.
शिक्षा और स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी गांव की स्थिति बदतर है. वर्षों पहले गांव का स्कूल बंद होने के कारण बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है. दुर्गम रास्ता होने की वजह से बच्चे दूसरे गांवों तक पढ़ाई के लिए नहीं जा पाते.
वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र भी भवन के अभाव में उपसरपंच के कच्चे मकान में संचालित हो रहा है, जहां न तो सहायिका समय पर आती है और न ही बच्चों को पोषण आहार की उचित सुविधा मिल पा रही है.
ग्रामीणों का कहना है कि अब जब आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तब जाकर उन्हें कुछ सुधार की उम्मीद दिखी है. सवाल अब भी यही बना हुआ है कि क्या इस बार नोरली की गलियां सचमुच रोशन होंगी या विकास का इंतजार और लंबा होगा?