भूपेश बघेल की याचिका पर अब 11 को सुनवाई
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ दायर याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट में 11 अगस्त को सुनवाई होगी. भूपेश बघेल ने प्रवर्तन निदेशालय की कार्यशैली और मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट की धारा 44 को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
बघेल की ओर से सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने पक्ष रखा.
मामले की सुनवाई जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस उज्जल भूइयां और जस्टिस एनके सिंह की तीन-न्यायाधीशों की पीठ कर रही है.
इससे पहले 4 अगस्त को कोर्ट ने उन्हें हाईकोर्ट जाने की सलाह दी थी, लेकिन अब याचिका को धारा 44 के अन्य मामलों से जोड़ दिया गया है.
सुनवाई के दौरान जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि सबसे पहले प्राथमिक आपत्तियों पर बहस होगी. फिर उसका जवाब सुना जाएगा. उसके बाद ही मामले के गुण-दोष पर चर्चा होगी.
अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कोर्ट से अपील की कि यदि सुनवाई सोमवार तक टलती है, तो तय समय सीमा में फैसला आना मुश्किल होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि धारा 44A से जुड़ा मुद्दा भी बेहद अहम है और उस पर भी सुनवाई जरूरी है.
इस पर जस्टिस सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि सोमवार को अदालत पहले कुछ बेल मामलों की सुनवाई करेगी और फिर सुबह 11 बजे PMLA की समीक्षा याचिका पर सुनवाई शुरू की जाएगी.