अब ये देश की आत्मा की लड़ाई- राहुल गांधी
दिल्ली | डेस्कः लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा है कि, चुनाव आयोग कहता है कि 300 सांसद नहीं आ सकते हैं.
उन्होंने कहा कि वह डरते हैं, 300 सांसद आ गए और वहां पर सच्चाई निकल आई तो क्या होगा. बस यही बात है.
राहुल गांधी का कहना है कि ये लड़ाई अब राजनीतिक लड़ाई से आगे निकल गई है. अब ये देश की आत्मा की लड़ाई है, ये संवैधानिक लड़ाई है. एक आदमी, एक वोट संविधान का आधार है.
उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक में साफ़ दिखाया है कि यहां एक आदमी, एक वोट नहीं है. यहां एक आदमी का बहुत जगहों पर वोट चल रहा है. पूरा विपक्ष यह लड़ाई लड़ रहा है और युवाओं को यह बात समझ में आ गई है.
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका ही डेटा है और हमने उसे ही दिखाया है. यह सिर्फ़ बेंगलुरु में ही नहीं हुआ है. यह देश के अलग-अलग चुनावी क्षेत्रों में हुआ है. चुनाव आयोग जानता है कि उसका डेटा अब फटेगा.
सांसदों ने विरोध मार्च निकाला
सोमवार को विपक्षी सांसदों ने संसद से निर्वाचन सदन की ओर विरोध मार्च निकाला.
राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद मतदाता सूची के मुद्दे पर संसद से चुनाव आयोग के दफ़्तर तक विरोध मार्च कर रहे थे, इस दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद सभी सांसद धरने पर बैठ गए.
हालांकि, बाद में दिल्ली पुलिस ने इन सांसदों को हिरासत में ले लिया. विपक्षी सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त और दो अन्य चुनाव आयुक्तों से मुलाक़ात के लिए समय भी मांगा था.