छत्तीसगढ़ में NTPC लगाएगा नेचुरल गैस प्लांट, ₹10,000 Cr का निवेश
रायपुर । संवाददाता: देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी (NTPC) छत्तीसगढ़ में कोयले से सिंथेटिक नेचुरल गैस (SNG) बनाने की बड़ी परियोजना शुरू करने जा रही है. कंपनी इस परियोजना पर लगभग ₹10,000 करोड़ का निवेश करेगी. यह जानकारी एनटीपीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी.
प्रस्तावित कोल-टू-SNG संयंत्र छत्तीसगढ़ के तलईपाली (Talaipalli) क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा. यह 5 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता का प्लांट होगा, जो करीब 150 एकड़ क्षेत्र में फैला होगा. परियोजना के लिए प्रतिवर्ष लगभग 25 लाख टन कोयले की आवश्यकता होगी, जिसकी आपूर्ति एनटीपीसी की तलईपाली स्थित कैप्टिव खदानों से की जाएगी.
एनटीपीसी इस परियोजना के लिए कोयला बेनेफिशिएशन और गैसीफिकेशन सहित विभिन्न प्रक्रियाओं की तकनीक को लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर टेक्नोलॉजी टाई-अप कर रही है. कंपनी का लक्ष्य सिंथेटिक नेचुरल गैस का उत्पादन करीब 12 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (MMBTU) की लागत पर करना है.
कंपनी ने अक्टूबर 2025 में इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) के साथ इस परियोजना को विकसित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. हालांकि एनटीपीसी ने पहले परियोजना के स्थान सहित अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किए थे, लेकिन अब साफ हो गया है कि यह प्लांट छत्तीसगढ़ में स्थापित होगा और इसमें उच्च राख (हाई-ऐश) वाले भारतीय कोयले का उपयोग किया जाएगा.
एनटीपीसी की अनुसंधान एवं विकास इकाई नेट्रा (NETRA) इस परियोजना का नेतृत्व कर रही है. यह पहल कंपनी की ‘ग्रीनिंग द कोल’ की व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसमें कार्बन कैप्चर और उपयोग (CCUS) तकनीकों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है.
अधिकारी के अनुसार, परियोजना की तकनीक को वित्त वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है. इसके बाद भूमि, बिजली और पानी जैसी आवश्यकताओं की तैयारियां शुरू की जाएंगी.
विशेषज्ञों के अनुसार, कोयला गैसीफिकेशन घरेलू कोयला संसाधनों के टिकाऊ उपयोग की दिशा में एक अहम कदम है. इससे आयातित ईंधन पर निर्भरता घटेगी और उत्सर्जन में भी कमी आएगी.
इसके साथ ही, इस परियोजना से मिलने वाली सिंगैस का उपयोग भविष्य में सिंथेटिक नेचुरल गैस के अलावा मेथनॉल, इथेनॉल, उर्वरकों के लिए अमोनिया और पेट्रोकेमिकल्स के उत्पादन में भी किया जा सकेगा.