100 करोड़ रुपये से अधिक आय वाले 5 सालों में 4 गुना बढ़े
नई दिल्ली । डेस्क: भारत में 100 करोड़ रुपये या उससे अधिक की सकल कुल आय (ग्रॉस टोटल इनकम) घोषित करने वाले व्यक्तिगत करदाताओं की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वित्त वर्ष 2025-26 के आकलन वर्ष (AY) में ऐसे करदाताओं की संख्या बढ़कर 576 हो गई है, जो पिछले पांच वर्षों में 4 गुना वृद्धि को दर्शाती है.
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने यह जानकारी दी.
देश में अरबपतियों की बढ़ती संख्या और आय असमानता पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए वित्त राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि आयकर अधिनियम के तहत 'अरबपति' शब्द की कोई वैधानिक या कानूनी परिभाषा नहीं है.
हालांकि, आयकर रिटर्न (ITR) के आंकड़ों के अनुसार, 100 करोड़ रुपये से अधिक आय वाले व्यक्तियों की संख्या में लगातार इजाफा देखा गया है.
आंकड़ों के मुताबिक, आकलन वर्ष 2021-22 में ऐसे व्यक्तियों की संख्या केवल 142 थी, जो 2022-23 में बढ़कर 301 हुई, 2023-24 में घटकर 284 रही और फिर 2024-25 में बढ़कर 415 तक पहुंच गई. वहीं, 2025-26 में यह आंकड़ा 576 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है.
इसके अलावा, अर्थव्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर मंत्री ने बताया कि आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) रिपोर्ट से स्पष्ट है कि श्रम बाजार अब कोविड से पहले के स्तर से भी बेहतर स्थिति में आ चुका है.
15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर वर्ष 2022 के 3.6 प्रतिशत से घटकर 2025 में 3.1 प्रतिशत पर आ गई है. सरकार प्रगतिशील कर व्यवस्था और भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास तथा सामाजिक सुरक्षा पर खर्च बढ़ाकर आय असमानता को कम करने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही है.