छत्तीसगढ़ में ओडीएफ प्लस गांवों की संख्या केवल 23
रायपुर । संवाददाता: देश को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) बनाने के दावों के बीच एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है. पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा सूचना के अधिकार के तहत दिए गए जवाब से खुलासा हुआ है कि पिछले तीन वित्तीय वर्षों में छत्तीसगढ़ सहित देश भर के ओडीएफ प्लस (ODF Plus) घोषित गांवों की संख्या में भारी गिरावट आई है. इसके साथ ही केंद्र सरकार के स्वच्छता विभाग के देशव्यापी खर्च में भी लगातार बड़ी कमी दर्ज की गई है.
आरटीआई से मिले आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में वित्तीय वर्ष 2023-24 में रिकॉर्ड 12,581 गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित किया गया था. लेकिन अगले ही साल 2024-25 में यह आंकड़ा तेजी से गिरकर महज 393 गांवों पर आ गया और साल 2025-26 में तो यह संख्या घटकर सिर्फ 23 रह गई.
छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश का भी यही हाल रहा, जहां 2023-24 में 20,681 ओडीएफ प्लस गांव थे, जो 2024-25 में 1,037 और 2025-26 में सिमटकर केवल 76 रह गए.
यह गिरावट केवल दो राज्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी यही ट्रेंड देखा गया है. देश भर में जहां साल 2023-24 में 3.17 लाख ओडीएफ प्लस गांव थे, वहीं 2024-25 में यह घटकर 33,387 और 2025-26 में मात्र 4,379 रह गए.
गांवों की संख्या घटने के साथ ही पेयजल और स्वच्छता विभाग का देशव्यापी वास्तविक खर्च भी 2023-24 के 76,826.75 करोड़ रुपये से घटकर 2024-25 में 26,275.74 करोड़ रुपये और 2025-26 में केवल 6,600.85 करोड़ रुपये रह गया है.
मंत्रालय ने आरटीआई में स्पष्ट किया है कि स्वच्छता राज्य का विषय है और स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण एक केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसे राज्य सरकारें लागू करती हैं और केंद्र इसमें केवल तकनीकी व वित्तीय मदद देता है.