महिला की मौत को लेकर नर्सिंग होम पर आरोप, कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के निजी नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का आरोप
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने निजी नर्सिंग होम प्रबंधन की लापरवाही को इस मौत के लिए जिम्मेवार बताया है . महिला को एक दिन पहले प्रसव के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था.
जगदलपुर के धरमपुरा में रहने वाले हरिकांत यादव ने बताया कि उनकी पत्नी ममता यादव को प्रसव पीड़ा होने के बाद शुक्रवार की सुबह 6:00 बजे बंसल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था और करीब दोपहर को 1:30 बजे उनकी पत्नी ममता यादव ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया.
प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा दोनों ठीक थे, लेकिन कुछ देर बाद नर्सिंग होम प्रबंधन के डॉक्टर और स्टाफ के द्वारा गलत टांके लगाए जाने से उनकी पत्नी की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी औऱ अत्यधिक रक्त का स्राव होने लगा.
बार-बार कहने के बावजूद भी डॉक्टर ने इलाज शुरू नहीं किया. ज्यादा तबीयत बिगड़ने के बाद उनसे बाहर से दवाई मंगवाते रहे और पेन किलर देते रहे.
इस दौरान परिजनों ने कहा भी कि अगर तबीयत ज्यादा बिगड़ी है, तो रेफर कर दें, लेकिन नर्सिंग होम प्रबंधन नहीं माना और जब हालात बेकाबू हो गये तो आनन-फानन में उन्होंने रायपुर रेफर करने के लिए डिस्चार्ज पेपर बनाया.
इसके बाद एंबुलेंस से महिला को रायपुर ले जा रहे थे लेकिन शहर से करीब 30 किलोमीटर की दूरी में काफी ज्यादा रक्त का स्त्राव होने की वजह से और स्थिति गंभीर होती देखकर वापस जगदलपुर के सरकारी अस्पताल लाया गया लेकिन यहां इलाज शुरू होने से पहले डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
मृत महिला के पति हरिकांत यादव ने शनिवार को सुबह कोतवाली थाना पहुंचकर नर्सिंग होम प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
हरिकांत यादव का आरोप है कि निजी नर्सिंग होम प्रबंधन की लापरवाही के चलते उनकी पत्नी की जान चली गई. उनकी एक दिन की बच्ची है और इससे पहले एक बेटा है
जांच के बाद की जाएगी कार्यवाही
इधर जगदलपुर सीएसपी आकाश श्रीश्रीमाल का कहना है कि निजी नर्सिंग होम के प्रबंधन के खिलाफ कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है.
इसकी जांच की जा रही है कि महिला की जान कैसे गई और इलाज के दौरान क्या लापरवाही बरती गई. इस मामले की पूरी जांच की जा रही है.
जांच पूरी होने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी.
नर्सिंग होम प्रबंधन ने मामले को लेकर चुप्पी साधा
इधर इस मामले में नर्सिंग होम प्रबंधन पूरी तरह से चुप्पी साध रखा है. सीजी खबर ने कई बार नर्सिंग होम प्रबधंन से संपर्क करना चाहा, लेकिन उन्होंने अपना फोन नर्स को दे दिया.
इस मामले में प्रबंधन के द्वारा अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है. गौरतलब है कि इससे पहले भी इस निजी नर्सिंग होम के खिलाफ इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं.
इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा नर्सिंग होम प्रबंधन पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं करने के चलते लगातार यहाँ इलाज में लापरवाही बरतने की वजह से इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं.