पाकिस्तान: टिकटॉक स्टार सना यूसुफ के हत्यारे को मौत की सजा
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान की एक अदालत ने 17 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ की हत्या के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी उमर हयात (23) को मौत की सजा सुनाई है. यह घटना पिछले साल की है, जिसने पूरे देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी थी.
इस्लामाबाद की अदालत के इस फैसले पर खुशी जताते हुए सना के पिता हसन यूसुफ ने कहा कि यह फैसला केवल उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए है. उन्होंने इसे अपराधियों के लिए एक बड़ा सबक बताया.
पुलिस के अनुसार, यह मामला एकतरफा सनक और लगातार मिलने वाले इनकार का था. आरोपी उमर हयात ने पिछले साल 2 जून को इस्लामाबाद में सना के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसकी गवाह सना की मां और मौसी थीं.
हयात ने ऑनलाइन बातचीत के बाद सना के प्रति एकतरफा जुनून विकसित कर लिया था. जब सना ने उससे मिलने से इनकार किया, तो उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल भी किया था, हालांकि बाद में वह अपने बयान से पलट गया.
यह मामला पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और तथाकथित 'ऑनर्स' किलिंग (सम्मान के नाम पर हत्या) की गंभीर स्थिति को फिर से उजागर करता है.
मानवाधिकार आयोग (HRCP) के आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में साल 2024 में सम्मान के नाम पर 346 महिलाओं की हत्या की गई, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है. विशेषज्ञों का कहना है कि जब महिलाएं अपनी सीमाएं तय करती हैं या पुरुषों के प्रस्तावों को ठुकराती हैं, तो पुरुष अहंकार को ठेस पहुंचती है, जो अंततः इस तरह की हिंसक घटनाओं का रूप ले लेती है.