पामगढ़: युवक ने नीम के पेड़ से लटककर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसो में 39 वर्षीय पंकज प्रजापति ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. शुरुआती छानबीन के अनुसार, पंकज कथित तौर पर नशे का आदी था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं चल रही थी.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी.
घटना की रात पंकज का परिवार खाना खाकर सो चुका था. लगभग 11 बजे जब पंकज काफी देर तक कमरे में नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी ने इस बात की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी.
इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. खोजबीन करते हुए जब परिजन घर की छत पर पहुंचे, तो वहां पास ही स्थित नीम के पेड़ की डाल पर पंकज का शव फंदे से लटका मिला.
घटना की सूचना तुरंत पामगढ़ पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को फंदे से नीचे उतारा. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पामगढ़ थाना पुलिस इस दुखद हादसे के पीछे के कारणों और मामले के सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है.