विपक्ष ने राज्यसभा में CISF की मौजूदगी की निंदा की
नई दिल्ली । डेस्क: विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक ने शुक्रवार को राज्यसभा के अंदर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों की मौजूदगी को "अभूतपूर्व और परेशान करने वाला" करार दिया. विपक्ष का आरोप है कि यह कदम लोकतंत्र के लिये खतरा है और संसद को "किले" में तब्दील करने की कोशिश है.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खर्गे ने उपसभापति हरिवंश को लिखे पत्र में कहा, "हमें इस बात पर आश्चर्य और सदमा है कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों को उस समय सदन के वेल में दौड़ाया जाता है, जब सदस्य अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का उपयोग कर विरोध कर रहे होते हैं."
विपक्षी सांसदों का कहना है कि उन्हें सदन के वेल में प्रवेश करने से रोका गया, जो आमतौर पर सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए सांसदों का प्रमुख स्थान होता है.
खरगे ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों को सदन के अंदर देखा गया. उन्होंने लिखा, "क्या हमारी संसद को इस स्तर तक गिरा दिया गया है? यह अत्यंत आपत्तिजनक है और हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं."
शुक्रवार को जब सदन दोपहर 12 बजे फिर से शुरू हुआ, तो तृणमूल कांग्रेस और डीएमके के कुछ सांसद वेल में जाने की कोशिश में थे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें प्रवेश बिंदु पर रोक दिया. कुछ सांसदों ने चुपके से वेल में प्रवेश किया और नारे लगाये. उन्होंने सदन में सुरक्षा कर्मियों द्वारा अवरोध के खिलाफ भी विरोध जताया.
विरोध करने वाले सांसदों में तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा नेता डेरेक ओ'ब्रायन, उपनेता सागरिका घोष, नदीमुल हक, डीएमके सांसद तिरुचि सिवा और आम आदमी पार्टी के संजय सिंह शामिल थे.
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने X पर पोस्ट किया, "राज्यसभा के सभापति के अचानक और अभूतपूर्व इस्तीफे के बाद, अब हम काउंसिल ऑफ स्टेट्स के कक्ष को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों द्वारा कब्जे में देख रहे हैं."
तृणमूल के राज्यसभा नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा, "राज्यसभा में आज अभूतपूर्व स्थिति. मार्शल (या केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मी) पहले से ही वेल को अवरुद्ध कर रहे हैं. पहले कभी ऐसा नहीं देखा. बिहार SIR-वोट चोरी पर चर्चा से इतना डर. मोदी-शाह, INDIA आपसे आखिरी दम तक लड़ेगा. सोमवार को मिलते हैं."
बिहार SIR पर चर्चा को लेकर विपक्ष के हंगामे के बीच संसद के दोनों सदनों को सोमवार (4 अगस्त) सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है.