सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

संसदीय समिति ने दवाओं के 10% MRP बढ़ोतरी वाले नियम पर उठाए सवाल

C

CG Khabar

31 जुल. 2026, 07:02 AM 5 मिनट में पढ़ें 25

Medicine Price
Medicine Price

रायपुर । सीजीखबर डेस्क: गैर-अनुसूचित दवाओं यानी आम और गंभीर बीमारियों के लिए इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर दवाओं की कीमतों को लेकर संसद की स्थायी समिति ने एक बार फिर चिंता जताई है. रसायनों और उर्वरकों से जुड़ी संसदीय समिति ने औषधि विभाग (DoP) से साफ शब्दों में कहा है कि गैर-अनुसूचित दवाओं के दामों में सालाना 10% तक की MRP बढ़ोतरी वाले नियम की समीक्षा की जानी चाहिए, ताकि आम जनता और खासकर गंभीर बीमारियों के मरीजों को राहत मिल सके. यह रिपोर्ट 27 जुलाई, 2026 को लोकसभा में पेश की गई.


समिति का मानना है कि वर्तमान में दवा बाजार का लगभग 82% हिस्सा गैर-अनुसूचित दवाओं के तहत आता है, जिससे लगभग 70,000 दवाएं डायरेक्ट प्राइस कंट्रोल यानी सीधे मूल्य नियंत्रण के दायरे से बाहर हैं. समिति ने अपनी ताजा रिपोर्ट में इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया कि दवा कंपनियों और रिटेलरों के ट्रेड मार्जिन पर प्रभावी नियंत्रण न होने की वजह से मरीजों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है और दवा व्यापार में मुनाफाखोरी को बढ़ावा मिल रहा है.

विज्ञापन


संसदीय समिति ने पुरानी रिपोर्ट में भी इस बात को उठाया था कि कई आम दवाओं में 600% से लेकर 1100% तक का ट्रेड मार्जिन वसूला जा रहा है. 


हालांकि, औषधि विभाग ने अपनी सफाई में बताया कि फॉर्मापैक डेटाबेस के अनुसार देश में सिर्फ 4% ऐसी गैर-अनुसूचित दवाएं हैं जिनका ट्रेड मार्जिन 100% से अधिक है, जबकि लगभग 87% दवाओं का मार्जिन 45% के दायरे में आता है. विभाग का कहना है कि अत्यधिक मार्जिन पूरे दवा उद्योग का सामान्य नियम नहीं है, बल्कि यह सिर्फ कुछ ही मामलों में देखा जाता है.


विभाग ने यह भी बताया कि सरकार समय-समय पर जरूरी कदम उठाती रही है. साल 2014 में डायबिटीज की 22 और दिल की बीमारियों की 84 दवाओं समेत कुल 106 गैर-अनुसूचित दवाओं के दामों की सीमा तय की गई थी. इसके अलावा साल 2019 में 42 कैंसर रोधी दवाओं के ट्रेड मार्जिन को 30% तक सीमित किया गया, जिससे 526 ब्रांडेड दवाओं की कीमतें लगभग आधी हो गईं और मरीजों को हर साल करीब 984 करोड़ रुपये की बचत हुई. कोविड-19 महामारी के समय भी मेडिकल उपकरणों के मार्जिन पर लगाम लगाई गई थी.


हालांकि इन सारे तर्कों के बावजूद संसदीय समिति सरकार के जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है. समिति का साफ कहना है कि मौजूदा नियम आम नागरिकों को लगातार बढ़ती महंगी दवाओं से बचाने के लिए काफी नहीं हैं. इसलिए नीतिगत स्तर पर व्यापक बदलाव किए जाने जरूरी हैं ताकि जीवनरक्षक और पुरानी बीमारियों की दवाएं हर आम इंसान की पहुंच में आ सकें.


साल 2013 से पहले कौन सी दवा मूल्य नीति थी और कैसी थी


इसे गहराई से समझने के लिये दवाओं पर जिस मूल्य नियंत्रण को लागू किया गया है उसे संक्षिप्त में समझने का प्रयास करते हैं. साल 1995 तक हमारें देश में दवाओं पर जो मूल्य नियंत्रण प्रणाली लागू थी उसके तहत मूल्य नियंत्रण दवाओं के लागत पर लागू होती होती थी. जिसके तहत MAPE या मैक्सिम अलाउलेबल पोस्ट मैनुफैक्चरिंग एक्सपेंस के अनुसार दवाओं के दाम निर्धारित किये जाते थे. 


इसमें देशज दवाओं को बनाने की लागत तथा पैकिंग के खर्च की गणना करके उसमें 100 फीसदी दाम और जोड़कर दवाओं के खुदरा मूल्य तक किये जाते थे. इस तरह से इसी 100 फीसदी में से ही खुदरा दुकान, थोक दुकान, वितरक, कंपनी तथा परिवहन का खर्च निकालना पड़ता था. विदेशों के आयात होने वाली दवाओं पर उनके लैंडिंग कास्ट के आधार पर मूल्य नियंत्रण लागू किये जाते थे.


बाद में साल 2013 में जो दवा मूल्य नियंत्रण लाया गया उसमें दवाओं के मूल्य नियंत्रण की धारणा को ही बदल दिया गया. साल 2013 के दवा मूल्य नियंत्रण आदेश के तहत दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य बाजार के आधार नियंत्रण किया जाने लगा. जिसके तहत ऐसी दवायें जिनका विक्रय कुल दवा विक्रय के 1 फीसदी के बराबर या ज्यादा होता है वह दवा मूल्य नियंत्रण के दायरे में आ गई. 


लेकिन दवाओं का अधिकतम खुदरा मूल्य तय करने के तरीकों को पूरी तरह से बदल दिया गया. दवा मूल्य नियंत्रण आदेश 2013 के तहत इन दवाओं के बाजार में उपलब्ध सभी ब्रांडों के दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य के औसत के आधार पर मूल्यों का निर्धारण होगा. इस तरह से जहां दवाओं के लागत के आधार पर मूल्य नियंत्रण लागू होता था उसे बाजार के हवाले कर दिया गया.


जब से दवा मूल्य नियंत्रण 2013 को लागू किया गया है तब से ही मरीजों को राहत दिलाने के लिये मांग की जा रही है कि दवाओं पर मूल्य नियंत्रण उसके लागत के आधार पर तय होना चाहिये तथा मूल्य मूल्य नियंत्रण को बाजार के हाथ से छुटकारा दिलाया जाये.  


एक तरह सारी दुनिया में चिकित्सा तथा दवाओं के खर्च को कम करने के लिये मुहिम चल रही है तो हमारें यहां दवा कंपनियों के भद्र पुरुषों को दिलासा दिया जा रहा है. 


दरअसल, हमारे देश में मरीज कोई वोट बैंक नहीं होता है. इसलिये उसकी बात नहीं सुनी जाती है. लोग भी मतदान करते समय नीतियों के आधार पर नहीं नेता के आधार पर वोट देते हैं. जब तक नीतियों के आधार पर वोट देने की परंपरा शुरू नहीं हो जाती है दवा के दाम कम करने जैसी मांग नक्कारखाने में तूती बनकर रह जाती रहेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
AI Generated Photo
खबर खास

मिर्गी के इलाज में ऐतिहासिक सफलता: चेमोजेनेटिक थेरेपी और 'मॉलिक्यूलर स्विच' से दौरे बंद

2 दिन पहले

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-  पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर
खबर खास

234 मैच, 146 गोल और 23 सालों की दास्तान: रोनाल्डो ने पुर्तगाल की 7 नंबर जर्सी को कहा अलविदा

3 दिन पहले

राहुल गांधी- फाइल फोटो
खबर खास

इलाहाबाद HC: 'सिख टिप्पणी' मामले में राहुल गांधी पर नहीं होगी FIR, कहा- सवाल उठाना सांसद का कर्तव्य

3 दिन पहले

सुप्रीम कोर्ट
खबर खास

हिरासत मिलते ही टिक-टिक शुरू: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 24 घंटे में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी अनिवार्य

3 दिन पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
खबर खास

क्या डेमोक्रेट अमेरिका-ईरान युद्ध को रोक पाएंगे?

3 दिन पहले

मक्का
खबर खास

कम बारिश से एथेनॉल ब्लेंडिंग लक्ष्य पर संकट: खाद्य सुरक्षा बनी सरकार की प्राथमिकता

4 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP