भारत लाया गया बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकवादी पिंडी
नई दिल्ली । डेस्क: पंजाब पुलिस ने यूएई अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी को अबू धाबी से भारत प्रत्यर्पित किया.
पंजाब पुलिस ने संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी से आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी को भारत प्रत्यर्पित करने में सफलता हासिल की है. यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को दी.
डीजीपी यादव ने बताया कि पिंडी विदेश में रहने वाले आतंकवादियों हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी है. वह पंजाब के बटाला और गुरदासपुर क्षेत्रों में पेट्रोल बम हमलों, हिंसक हमलों और उगाही जैसे कई अपराधों में शामिल है.
उन्होंने कहा, "बटाला पुलिस द्वारा अनुरोधित रेड कॉर्नर नोटिस (आरसीएन) पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय विशेष टीम ने 24 सितंबर, 2025 को यूएई की यात्रा की. विदेश मंत्रालय और यूएई अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और आरोपी को न्याय के लिए भारत लाने में सफलता प्राप्त की."
यादव ने आगे कहा, "यह सफल प्रत्यर्पण पंजाब पुलिस की आतंकवाद और संगठित अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के साथ-साथ इसकी उन्नत जांच क्षमताओं और वैश्विक पहुंच को दर्शाता है."