‘संसद चलो’ मार्च में उपद्रव करने वालों का रद्द हो सकता है पासपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: CJP के ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के दौरान हिंसा और उपद्रव में सीधे तौर पर शामिल पाए जाने वाले उपद्रवियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिंसा में सीधे तौर पर लिप्त पाए जाने वाले लोगों के पासपोर्ट रद्द किए जा सकते हैं.
दिल्ली पुलिस 20 जुलाई को हुए इस प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान करने में जुट गई है.
इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है.
सूत्रों का कहना है कि उपद्रवियों को चिह्नित करने के बाद लागू कानूनी प्रावधानों के तहत उनके पासपोर्ट रद्द करने की औपचारिक कार्रवाई शुरू की जा सकती है.
गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 20 जुलाई को सीजेपी द्वारा आयोजित 'संसद चलो' मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी.
इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे, जिनमें से कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. इसके बाद से ही पुलिस उपद्रवियों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है.