पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं आहिस्ता-आहिस्ता
नई दिल्ली । डेस्क: भारत में ईंधन की कीमतों में एक बार फिर से बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिसने आम जनता की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है. तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने शनिवार को पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. चालू महीने में यह तीसरी बढ़ोतरी है, और सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले आठ दिनों के भीतर ही जनता को यह तीसरा झटका लगा है.
इससे पहले इसी सप्ताह पेट्रोल-डीजल के दाम 90 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए थे, जबकि उसके कुछ ही दिन पहले कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर का बड़ा इजाफा किया गया था. इस तरह देश में तेल के दाम आहिस्ता-आहिस्ता लेकिन लगातार ऊपर की तरफ भाग रहे हैं.
ईंधन की इस महंगाई से केवल गाड़ी चलाने वाले ही नहीं, बल्कि रसोई का बजट भी प्रभावित हो रहा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने भी सीएनजी (CNG) की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि कर दी है, जो पिछले 10 दिनों में तीसरी बढ़ोतरी है. इस ताजा संशोधन के बाद देश की राजधानी दिल्ली में सीएनजी की कीमत बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद के उपभोक्ताओं को अब इसके लिए 89.70 रुपये प्रति किलोग्राम चुकाने होंगे.
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार हो रही इस क्रमिक वृद्धि ने मध्यम वर्ग की चिंताएं बढ़ा दी हैं.
इस मूल्य वृद्धि के पीछे का मुख्य कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल है. मध्य पूर्व में जारी संघर्ष और तनाव की वजह से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं. शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 1.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 104.24 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) भी बढ़कर 97.46 डॉलर प्रति बैरल हो गया. भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है, जिसके कारण घरेलू बाजार वैश्विक उतार-चढ़ाव के प्रति बेहद संवेदनशील हैं.
पिछले दो वर्षों से भारत रूस से मिलने वाले रियायती कच्चे तेल के भरोसे अपनी आयात लागत को नियंत्रित कर रहा था, लेकिन अब जब वैश्विक क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के पार जा चुका है, तो घरेलू तेल कंपनियों के लिए पुरानी कीमतों को बनाए रखना असंभव हो गया है.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, कीमतें बढ़ाने से पहले कंपनियां हर महीने करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान उठा रही थीं. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बीपीसीएल (BPCL) ने बताया कि वह अभी भी डीजल पर 25 से 30 रुपये और पेट्रोल पर 10 से 14 रुपये प्रति लीटर का घाटा सह रही है, जबकि निजी रिटेलर शेल इंडिया पेट्रोल 115 रुपये और डीजल 126 रुपये प्रति लीटर से अधिक में बेच रही है.
इस ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपये और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये, मुंबई में 108.49 रुपये और चेन्नई में 105.31 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. इन चार प्रमुख महानगरों में डीजल की कीमतें भी क्रमशः कोलकाता में 97.02 रुपये, मुंबई में 95.02 रुपये और चेन्नई में 96.98 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं.
इस बीच, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक होने का आश्वासन दिया है और लोगों से पैनिक बाइंग यानी घबराहट में खरीदारी न करने की अपील की है. मंत्रालय का कहना है कि जिम्मेदार उपभोग और सार्वजनिक सहयोग से इस उच्च मांग वाले दौर में भी सभी के लिए ईंधन की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी, लेकिन बाजार के मौजूदा रुख को देखकर लगता है कि आने वाले दिनों में भी कीमतों में आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ोतरी का यह दौर जारी रह सकता है.