संसद परिसर में पालतू जानवरों के प्रवेश पर रोक: CISF
नई दिल्ली । डेस्क: संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी द्वारा पालतू कुत्ते के साथ संसद पहुंचने के विवाद पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सोमवार को स्थिति स्पष्ट कर दी है. CISF के महानिदेशक प्रवीण रंजन ने संवाददाताओं से बातचीत में दो-टूक कहा कि संसद परिसर के भीतर पालतू जानवरों को लाने की अनुमति नहीं है और नियमों में इसे लेकर कोई भ्रम नहीं है.
यह स्पष्टीकरण 1 दिसंबर 2025 की उस घटना के बाद आया है जब रेणुका चौधरी अपनी कार में एक कुत्ते के साथ उच्च सुरक्षा वाले संसद परिसर में दाखिल हुई थीं.
हालांकि सांसद ने तर्क दिया था कि वह एक बचाए गए लावारिस कुत्ते को पशु चिकित्सक के पास ले जा रही थीं, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर दिए थे.
CISF के अतिरिक्त महानिदेशक विजय प्रकाश ने बताया कि चूंकि सांसदों के वाहनों की सुरक्षा जांच नहीं की जाती, इसलिए यह घटना घटित हुई. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले को लोकसभा अध्यक्ष और महासचिव के संज्ञान में लाया गया है.
सुरक्षा बल अब सांसदों को इन नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. महानिदेशक रंजन ने जोर देकर कहा कि नियम स्पष्ट हैं और अब यह सांसदों पर निर्भर है कि वे इनका कितना पालन करते हैं.