बीजापुर में मारे गए 20 नक्सलियों की पहचान, 11 परिजनों को सौंपे गए शव
बीजापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ पुलिस ने बीजापुर में मारे गए 20 माओवादियों के शवों की पहचान का दावा किया है.
बस्तर पुलिस ने अपने एक एक बयान में कहा है कि बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्रान्तर्गत विगत दिनो में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ में बरामद नक्सलियों के शवों में से अब तक कुल 20 नक्सलियों के शवों की पहचान कर ली गई है.
इस बयान में कहा गया है कि पहचाने गए 20 नक्सलियों के शवों में से 11 शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.
पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि मुठभेड़ में बरामद शेष 11 नक्सलियों के शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, उनके शव भी परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
ज्ञात रहे कि 7 मई को छत्तीसगढ़-तेलंगाना की सीमा पर कर्रेगुट्टालू के पहाड़ पर संदिग्ध माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई थी, जिसमें माओवादी मारे गए थे.
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मुठभेड़ में 22 माओवादियों के मारे जाने की जानकारी मीडिया से साझा की थी. लेकिन राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने 22 माओवादियों के मारे जाने के आंकड़े को भ्रामक बताते हुए खंडन जारी किया था और कहा था कि ऑपरेशन संकल्प नामक कोई भी ऑपरेशन नहीं चल रहा है और 22 माओवादियों के मारे जाने का आंकड़ा पूरी तरह से भ्रामक है.