बसवराजू समेत 8 माओवादियों का पुलिस ने किया अंतिम संस्कार
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बसवराजू समेत 8 माओवादियों का अंतिम संस्कार
बस्तर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के जंगलों में बीते 21 मई को हुए पुलिस-माओवादी मुठभेड़ में मारे गए 27 माओवादियों में से 8 माओवादियों के शवों का सोमवार को नारायणपुर पुलिस ने 2 किमी दूर अंतिम संस्कार किया.
पुलिस का कहना है कि कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार माओवादियों का दाह संस्कार किया गया है.
वहीं अन्य माओवादियों के शवों को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. बसव राजू समेत आंध्र और तेलंगाना के मृत माओवादियों के शवों को लेने पहुंचे उनके परिजनों ने नारायणपुर पुलिस पर छलपूर्वक शवों का दाह संस्कार करने का आरोप लगाया है.
परिजनों ने कहा कि वे पिछले तीन दिनों से शव लेने नारायणपुर पहुंचे हुए थे, लेकिन नारायणपुर पुलिस के अधिकारी उन्हें गुमराह करते रहे और आखिरकार सुपुर्द नामा करने की बात कहते हुए उनकी बिना अनुमति के शवों को जंगल में ले जाकर दाह संस्कार कर दिया गया.
हालांकि पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा जारी प्रेस नोट में बसव राजू के परिजनों के द्वारा शव को लेकर कोई स्पष्ट कानूनी दावा नहीं आने के चलते शव को परिजनों को नहीं सौपने की बात कहते हुए, कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश अनुसार विधि सम्मत तरीके से शवो का दाह संस्कार करने की बात कही गयी.
बीते 3 दिनों से शव लेने पहुँचे थे बसव राजू के परिजन
वहीं मृत माओवादियों के परिजनों के साथ पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता बेला भाटिया ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुठभेड़ के बाद पुलिस ने माओवादियों के शवों को अपने कस्टडी में ले लिया. शव को लेने उनके परिजन नारायणपुर पुलिस थाना और एसपी कार्यालय के पिछले 3 दिनों से चक्कर काट रहे थे.
उन्होंने कहा कि पहले तो उन्हें गुमराह किया गया और दस्तावेज दिखाने की बात कही गई और उसके बाद उन्हें शव सुपुर्द नामा कर देने की भी बात कही गई. अगले दिन की तारीख दी गई और अगले दिन पुलिस के जवानों ने उन्हें अस्पताल के मर्च्युरी की तरफ जाने नहीं दिया.
बेला भाटिया का कहना है कि परिजन अपने साथ तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से एंबुलेंस और शव को रखने के लिए डी फ्रीजर लेकर पहुंचे हुए थे,जिसके लिए उन्हें काफी पैसे खर्च करने पड़े. लेकिन आखिरकार सोमवार शाम को पुलिस ने 8 नक्सलियों के शवों को थाना से 2 किलोमीटर दूर जंगल की ओर ले जाकर दाह संस्कार कर दिया, जो कि नियम के विरुद्ध है.
जंगल में शवों को जलाने का स्थानीय ग्रामीणों ने भी विरोध किया, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई. बेला भाटिया का आरोप है कि पुलिस के जवानों ने मृत नक्सलियों के परिजनों को शव को देखने भी नहीं दिया. कुल मिलाकर छलपूर्वक दाह संस्कार किया गया और इसके लिए परिजनों से कोई अनुमति नहीं ली गई, जिससे परिजनों में काफी नाराजगी है.
बेला भाटिया ने बताया कि परिजन इस मामले के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने का मन बना रहे हैं और इस पर विचार भी कर रहे हैं.
पुलिस ने कहा शव को लेकर स्प्ष्ट दावा नहीं
इधर देर शाम नारायणपुर पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट पर कहा गया है कि 21 मई को अबूझमाड़ के कुलमेड़ कलहाजा जाटलूर मुठभेड़ में मारे गए 27 माओवादियों में से 20 माओवादियों के शव दावे के सत्यापन के बाद उनके परिजनों को सौंप दिये गये हैं.
20 मृत नक्सलियों के परिजनों में से माओवादी कैडर कोसी हूँगी के परिजन 26 मई को शव लेने नारायणपुर पहुंचे हुए थे.
शव से संक्रामक रोग फैलने की आशंका को देखते हुए शव का अंतिम संस्कार नारायणपुर मुख्यालय में ही करवाने का अनुरोध किया.
वहीं शेष बचे 7 मृत नक्सलियों के शवों को जिसमें सीपीआई माओवादी के महासचिव बसव राजू का शव शामिल था, उनके परिजनों के द्वारा कोई स्पष्ट कानूनी दावा नहीं आया.
जिसके चलते इन 8 शवों में से कोसी हूँगी का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा किया गया. बाकी सभी 7 शवों का अंतिम संस्कार कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश अनुसार विधि सम्मत तरीके से नारायणपुर में किया गया.