सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

नक्सल क्षेत्र में पुलिस की गवाही अमान्य नहीं: हाई कोर्ट

C

CG Khabar

10 जुल. 2026, 01:26 AM 3 मिनट में पढ़ें 18

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से जुड़े मामलों में केवल आधिकारिक पद या स्टेटस के आधार पर पुलिस अधिकारियों की गवाही को अमान्य नहीं ठहराया जा सकता. अदालत ने माना कि ऐसे संवेदनशील और दूरदराज के इलाकों में स्वतंत्र या सार्वजनिक गवाहों की उपलब्धता अक्सर व्यावहारिक रूप से असंभव होती है.


मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने यह आदेश जारी करते हुए विस्फोटक मामलों में दोषी ठहराए गए नक्सली की अपीलों को खारिज कर दिया.

विज्ञापन


पहला मामला: 10 साल की सजा बरकरार:


पहले मामले में, बीजापुर जिले के निवासी नक्सली सदस्य मीनू काल्मु (उर्फ काल्मुमी मनोज, उर्फ डेंगा) ने एक विशेष अदालत के 2025 के फैसले को चुनौती दी थी. निचली अदालत ने उसे विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 के तहत 10 साल के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी. 


काल्मु को सुरक्षा बलों ने 14 अप्रैल 2023 को फुलोड गांव के पास माओवादी हमले की साजिश की खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया था. उसकी निशानदेही पर एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 10 जिलेटिन छड़ें और कोडेक्स वायर बरामद किए गए थे.


बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि स्वतंत्र गवाह के मुकर जाने के कारण अभियोजन पक्ष अपना मामला साबित करने में विफल रहा. इसे खारिज करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि पुलिस गवाहों के बयान पूरी तरह सुसंगत, विश्वसनीय और दस्तावेजी रिकॉर्ड से समर्थित थे. 


कोर्ट ने जोर देकर कहा कि संवेदनशील इलाकों में छापेमारी या गिरफ्तारी के दौरान सार्वजनिक गवाहों को शामिल करने की बाध्यता पूर्ण या अनिवार्य नहीं है.


दूसरा मामला: नक्सलियों को विस्फोटक सप्लाई करने वालों की अपील खारिज:


एक अन्य मामले में, हाई कोर्ट ने प्रतिबंधित नक्सली संगठनों को विस्फोटक सामग्री की आपूर्ति करने वाले तीन दोषियों सेमल दीपक, नारा भास्कर और तेलम मुट्टा की अपीलों को भी खारिज कर दिया. कोर्ट ने जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत द्वारा इन्हें विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूएपीए (UAPA) के तहत सुनाई गई 7 साल तक की जेल की सजा को बरकरार रखा.


इन तीनों को सुकमा जिले के बेलपोच्चा वन क्षेत्र के पास 8 मार्च 2023 को एक मोटरसाइकिल पर जाते समय रोका गया था. इनके पास से 45 इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, 43 जिलेटिन रॉड्स, 49 फीट कोडेक्स वायर, वायरलेस बैटरी और नक्सली बैनर बरामद हुए थे. ये सामग्रियां स्थानीय कमांडर के निर्देश पर सक्रिय नक्सलियों तक पहुंचाई जानी थी.


इस मामले में भी बचाव पक्ष ने स्वतंत्र गवाहों के मुकर जाने का तर्क दिया था, जिसे पीठ ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि कानून में ऐसा कोई अनुमान नहीं है कि पुलिस अधिकारी अविश्वसनीय गवाह होते हैं. 


अदालत ने सुरक्षा कारणों से आरोपियों और जब्त सामान को पास के सीआरपीएफ कैंप में ले जाकर कागजी कार्रवाई करने के पुलिस के फैसले को पूरी तरह सही ठहराया. कोर्ट ने पाया कि बिना किसी वैध कारण के इतनी बड़ी मात्रा में कमर्शियल-ग्रेड विस्फोटक रखना और उसकी डिलीवरी की तैयारी, आतंकी गतिविधियों में उनकी सक्रिय संलिप्तता को स्पष्ट रूप से साबित करती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

4 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

5 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

2 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

2 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP