शनि, 14 नव. 2026

CGKhabar

RTI के तहत सरकारी कर्मचारियों के निजी दस्तावेज नहीं दे सकते- HC

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 08:33 AM 3 मिनट में पढ़ें 15

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सूचना के अधिकार (RTI) कानून, 2005 को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी के व्यक्तिगत दस्तावेज और सर्विस रिकॉर्ड RTI के तहत तब तक साझा नहीं किए जा सकते, जब तक कि उसमें कोई बड़ा जनहित साबित न हो.


जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि एक लोक सेवक के निजी दस्तावेज जैसे जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण, शैक्षणिक योग्यता, नियुक्ति के समय दिए गए हलफनामे और सर्विस रिकॉर्ड पूरी तरह से व्यक्तिगत जानकारी के दायरे में आते हैं. कोर्ट ने सभी जन सूचना अधिकारियों (PIOs) को निर्देश दिया है कि वे पर्याप्त जनहित के सबूतों के बिना RTI के तहत ऐसी निजी जानकारियां उजागर न करें.

विज्ञापन


क्या है पूरा मामला?


यह मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील के अंतर्गत कमरगा में पदस्थ एक पटवारी की याचिका से जुड़ा है. इस पटवारी की नियुक्ति 7 मार्च 2024 को हुई थी. नियुक्ति के कुछ समय बाद, 'क्राइम फ्री इंडिया फोर्स' नामक एक निजी संस्था ने लैलूंगा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)-सह-जन सूचना अधिकारी के समक्ष RTI आवेदन दायर किया. इस आवेदन में पटवारी के जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण, शैक्षणिक दस्तावेज, हलफनामे और सर्विस रिकॉर्ड की कॉपियां मांगी गई थीं.


अपनी गोपनीयता के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए पटवारी ने हाईकोर्ट की शरण ली. याचिकाकर्ता ने अदालत से गुहार लगाई कि अधिकारियों को उनके निजी और गोपनीय दस्तावेज किसी तीसरे पक्ष को देने से रोका जाए, क्योंकि RTI अधिनियम की धारा 8(1)(j) के तहत ऐसी जानकारियों को छूट प्राप्त है.


अदालत में दी गई दलीलें


याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी और अधिवक्ता दानिश अहमद सिद्दीकी ने तर्क दिया कि मांगे गए दस्तावेज पूरी तरह से व्यक्तिगत हैं और इनका किसी सार्वजनिक गतिविधि या व्यापक जनहित से कोई लेना-देना नहीं है. 


सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी लोक सेवक का सर्विस रिकॉर्ड, योग्यता का विवरण और संपत्ति का खुलासा व्यक्तिगत जानकारी है. इसे बिना किसी ठोस जनहित के उजागर करना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत निजता के अधिकार का उल्लंघन है.


दूसरी ओर, राज्य सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता और छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के वकील ने याचिका का विरोध किया. उन्होंने दलील दी कि याचिकाकर्ता की आशंकाएं समय से पहले हैं, क्योंकि जन सूचना अधिकारी (PIO) ने अभी तक जानकारी साझा करने पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है. 


उन्होंने कहा कि PIO एक वैधानिक प्राधिकारी है जो RTI अधिनियम की धारा 8(1)(j) और सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के तहत आवेदन की जांच करेगा.


हाईकोर्ट का निर्देश


हाईकोर्ट ने माना कि चूंकि PIO ने अभी तक कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया है, इसलिए इस चरण में रिट याचिका के माध्यम से हस्तक्षेप करना जल्दबाजी होगी.


हालांकि, अदालत ने PIO को निर्देश दिया है कि वे हर RTI आवेदन की स्वतंत्र रूप से जांच करें. अधिकारी को यह तय करना होगा कि मांगी गई जानकारी व्यक्तिगत है या नहीं. यदि जानकारी व्यक्तिगत है और उसमें कोई जनहित साबित नहीं होता है, तो इसे आवेदक को नहीं दिया जाना चाहिए. 


कोर्ट ने यह भी साफ किया कि यदि सक्षम प्राधिकारी को लगता है कि जानकारी देना जरूरी है, तो इसके लिए विशिष्ट कानूनी आधार बताते हुए एक तर्कसंगत और लिखित आदेश पारित करना होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
राहुल द्रविड़ और अमनदीप खरे
छत्तीसगढ़ विशेष

रणजी ट्रॉफी में रनों की बारिश के बावजूद टीम इंडिया और इंडिया-ए से दूर छत्तीसगढ़ का कप्तान

18 घंटे पहले

C.V. Raman University
छत्तीसगढ़ विशेष

सावधान! क्या आपकी भी डिग्री C.V. Raman University से है?

23 घंटे पहले

SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

एक दिन पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

2 दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

2 दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP