सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

प्रियंका गांधी का PM पर तंज- कैमरे का नहीं, अपने दिल का एंगल बदलें

C

CG Khabar

28 जुल. 2026, 04:38 PM 3 मिनट में पढ़ें 19

प्रियंका गांधी वाड्रा
प्रियंका गांधी वाड्रा

नई दिल्ली । डेस्क: संसद के लोकसभा सत्र में 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक 2026' पर चर्चा के दौरान विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को चौतरफा घेरा. नीट-यूजी 2026 पर्चा लीक और उसके बाद प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस बल प्रयोग को लेकर विपक्ष ने सरकार की मंशा और प्रशासनिक तंत्र पर कड़े सवाल खड़े किए.


चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला. प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के युवाओं के साथ आपकी सरकार में सरासर अन्याय हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी को इस नाकामी की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. 

विज्ञापन


उन्होंने सरकार से सीधा सवाल किया कि प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर पेलेट गन और हथियार चलाने की अनुमति किसने दी? प्रियंका गांधी ने कहा, "किसी छात्र या छात्रा पर पड़ी हर लाठी सरकार की साख पर लगा एक गहरा चोट है. आप छात्रों को सड़कों से हटा सकते हैं, लेकिन उनके जायज सवालों को दबा नहीं सकते."


युवाओं और 'जनरेशन जेड' से जुड़ने के सरकार के प्रयासों पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, "यदि आप युवाओं का विश्वास जीतना चाहते हैं, तो अलग-अलग एंगल से वीडियो बनाने से काम नहीं चलेगा. प्रधानमंत्री को कैमरों का एंगल बदलने के बजाय अपने दिल का एंगल बदलने की जरूरत है." 


उन्होंने पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक की घटनाओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अब तक किसी परीक्षा माफिया को सख्त सजा नहीं मिली है. उन्होंने शिक्षा बजट और कॉरपोरेट कर्ज माफी की तुलना करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं पर भी सवाल उठाए.


तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि केवल कड़ा कानून बनाने से सरकार अपनी 12 साल की अक्षमता और विफलताओं को नहीं छुपा सकती. उन्होंने कहा कि छात्रों को बैरिकेड्स और लाठियों का सामना करना पड़ा है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों के सपने टूट गए हैं. 


वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के कामकाज को आउटसोर्स करने पर आपत्ति जताई और उत्तर प्रदेश में भर्तियों और परीक्षाओं में धांधली का मुद्दा उठाया.


विपक्ष ने पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के संसद पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के सांसदों द्वारा किए गए भव्य स्वागत पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई. विपक्षी नेताओं का कहना था कि नीट-यूजी लीक के बाद इस्तीफा देने वाले मंत्री का इस तरह स्वागत करना देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है.


दूसरी ओर, सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विधेयक पर बोलते हुए कहा कि यह संशोधन कानून परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और देश के छात्रों व युवाओं के कल्याण को सुनिश्चित करने के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP