मुंबई के एक रेलवे स्टेशन में प्रोफेसर की चाकू मारकर हत्या
मुंबई । डेस्क: मुंबई के उपनगरीय इलाके मालाड रेलवे स्टेशन पर शनिवार 24 जनवरी, 2026 की शाम सबके सामने एक हत्या कर दी गई है. विले पार्ले स्थित एनएम कॉलेज के 33 वर्षीय प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह की एक सह-यात्री ने चाकू मारकर हत्या कर दी.
राजकीय रेलवे पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम करीब 5:40 बजे की है जब सिंह विले पार्ले से कांदिवली की ओर यात्रा कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान लोकल ट्रेन में सिंह का एक अज्ञात व्यक्ति के साथ विवाद हो गया था.
जैसे ही ट्रेन मालाड स्टेशन पहुंची, उस व्यक्ति ने तीखे हथियार से सिंह पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया.
अन्य यात्रियों की सूचना पर पुलिस ने लहूलुहान अवस्था में सिंह को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
फिलहाल बोरीवली जीआरपी ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है.