बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

पुष्पा फुस्स, अब बॉस भी झुकेगा: जहांगीर खान के फलता चुनाव से हटने पर BJP का तंज

C

CG Khabar

19 मई 2026, 05:15 PM 3 मिनट में पढ़ें 15

अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत फलता सीट पर होने वाले पुनर्मतदान से ठीक दो दिन पहले तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी जहांगीर खान ने अपना नाम वापस ले लिया है. इस फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला है.


केंद्रीय राज्य मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने मशहूर फिल्म 'पुष्पा' के डायलॉग का हवाला देते हुए टीएमसी पर निशाना साधा. मजूमदार ने कहा, "कई लोग 'पुष्पा' बनने की कोशिश करते हैं, लेकिन इस बार 'पुष्पा' बिल्कुल 'फुस्स' (फ्लॉप) साबित हुआ. डायमंड हार्बर में तस्वीरें लगाई जाती थीं कि 'AB (अभिषेक बनर्जी) झुकेगा नहीं'. लेकिन अब हर कोई झुक रहा है. एबी का एजेंट भी झुक गया और अब एबी भी झुकेगा."

विज्ञापन


दरअसल, जहांगीर खान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फलता पुनर्मतदान से हटने की घोषणा की. उन्होंने इसके पीछे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए घोषित विशेष पैकेज का हवाला दिया. 


खान ने कहा, "मैं फलता का बेटा हूं और मैं चाहता हूं कि यहां शांति और विकास हो. हमारे सीएम सुवेंदु अधिकारी फलता के विकास के लिए विशेष पैकेज दे रहे हैं, इसलिए मैं खुद को इस पुनर्मतदान से अलग कर रहा हूं."


टीएमसी ने दी सफाई, लगाया दबाव का आरोप


जहांगीर खान के इस कदम पर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. टीएमसी ने अपने उम्मीदवार के इस फैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने दबाव में आकर यह कदम उठाया है.


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर जारी एक बयान में टीएमसी ने स्पष्ट किया, "फलता पुनर्मतदान से पीछे हटने का फैसला जहांगीर खान का व्यक्तिगत निर्णय है, पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है." इसके साथ ही ममता बनर्जी की अगुवाई वाली पार्टी ने भाजपा पर अपने कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने और चुनाव आयोग (ECI) पर बार-बार शिकायत करने के बावजूद आंखें मूंदने का आरोप लगाया है.


गौरतलब है कि फलता में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान मतदान हुआ था. मतदान के दिन भाजपा ने आरोप लगाया था कि कई बूथों पर ईवीएम मशीनों पर उनके चुनाव चिह्न को टेप से ढक दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने पुनर्मतदान की मांग की थी. 


चुनाव आयोग ने इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए फलता में फिर से मतदान कराने का ऐलान किया था. इस घोषणा के बाद अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेताओं को फलता से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी थी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP