प्रश्नपत्र विवाद, प्राचार्या निलंबित, संविदा शिक्षिका पर बर्खास्तगी की कार्रवाई
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्नपत्र को लेकर उठे विवाद के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं. रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड अंतर्गत नकटी (खपरी) स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शिखा सोनी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संविदा पर कार्यरत सहायक शिक्षिका एवं पेपर मॉडरेटर नम्रता वर्मा के खिलाफ सेवा से बर्खास्त करने की अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
यह जानकारी रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने जारी बयान में दी. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है.
साथ ही, अनुभवी शिक्षक का चयन न करने के आरोप में तिल्दा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को तथा प्रश्नपत्र के लिए उपयुक्त मॉडरेटर नियुक्त न करने पर रायपुर के शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को चेतावनी पत्र जारी किया गया है.
विवाद की जड़ हाल ही में रायपुर संभाग के सरकारी स्कूलों में आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा का एक अंग्रेजी प्रश्नपत्र है. कक्षा चौथी के इस प्रश्नपत्र में सवाल पूछा गया था-“मोना के कुत्ते का नाम क्या है?” इसके चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें एक विकल्प ‘राम’ था. भगवान राम हिंदू धर्म में पूजनीय देवता हैं, इसलिए इस विकल्प पर आपत्ति जताई गई और इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया.
मामला सबसे पहले महासमुंद जिले में सामने आया, लेकिन जल्द ही रायपुर संभाग के अन्य जिलों तक फैल गया. इसके बाद दक्षिणपंथी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए. महासमुंद स्थित डीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन हुआ, जबकि विश्व हिंदू परिषद ने प्रश्नपत्र तैयार करने वालों की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की.
अपने लिखित स्पष्टीकरण में प्रधानाध्यापिका शिखा सोनी ने गलती स्वीकार की है. उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र में ‘Ramu’ के स्थान पर गलती से ‘Ram’ छप गया, क्योंकि ‘U’ अक्षर छूट गया था. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चूक अनजाने में हुई और समीक्षा के दौरान भी इस पर ध्यान नहीं जा सका. सोनी ने किसी भी धर्म या समुदाय की भावना आहत करने के इरादे से इनकार करते हुए खेद प्रकट किया और माफी मांगी.
वहीं, सहायक शिक्षिका नम्रता वर्मा ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि उन्हें जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्नपत्र के दो सेटों में से एक सेट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी. उन्होंने प्रश्नों और चारों बहुविकल्पीय उत्तरों को यथावत रखा.
शिक्षिका नम्रता वर्मा ने स्वीकार किया कि ‘राम’ शब्द उनकी नजर से ठीक से नहीं गुजर सका और यह चूक अनजाने में हुई. उन्होंने भी खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है.
शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी संवेदनशील गलतियां दोबारा न हों.