शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

चुनावी रोल में नाम हटाने की होड़ मची है- एस वाई कुरैशी

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 06:46 AM 3 मिनट में पढ़ें 16

 एस वाई कुरैशी
एस वाई कुरैशी

नई दिल्ली । डेस्क: पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी ने मतदाता सूची के चल रहे विशेष गहन संशोधन (SIR) अभियान को लेकर चुनाव आयोग पर कड़ा प्रहार किया है. पीटीआई (PTI) को दिए एक साक्षात्कार में कुरैशी ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रक्रिया पूरी तरह से 'नामों को बाहर करने' (Exclusion) पर केंद्रित हो गई है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि इस रवैये ने लोकतंत्र को भारी नुकसान पहुंचाया है और देश में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव की व्यवस्था को प्रभावित किया है.


अपनी नई किताब 'इंडिया एंड आई: ए हंड्रेड मेमोरीज, नॉट अ मेमॉयर' (हेशेट इंडिया द्वारा प्रकाशित) के विमोचन से पहले कुरैशी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम होना एक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन आज ऐसा माहौल बना दिया गया है जैसे चुनाव आयोग लोगों पर कोई बहुत बड़ा एहसान कर रहा हो. 

विज्ञापन


उन्होंने वर्तमान व्यवस्था की तुलना अपने कार्यकाल से करते हुए कहा कि पहले मतदान कर्मियों को साफ निर्देश होते थे कि अगर किसी के नाम, पते या उम्र में कोई छोटी-मोटी मानवीय भूल हो, लेकिन व्यक्ति सही हो, तो उसे नजरअंदाज कर नाम सूची में रखा जाए ताकि कोई भी मतदाता अपने अधिकार से वंचित न हो. 


इसके विपरीत, वर्तमान एसआईआर प्रक्रिया में ऐसा लगता है कि जैसे ज्यादा से ज्यादा लोगों को बाहर निकालने के लिए आयोग को 'अच्छे नंबर' मिलने वाले हों, जिसके कारण लाखों-करोड़ों लोगों के नाम काट दिए गए हैं.


कुरैशी ने बताया कि साल 2002-2003 में बिहार चुनाव के बाद यह तय किया गया था कि मतदाता सूची के कम्प्यूटरीकृत होने के कारण अब हर साल नए सिरे से गहन संशोधन की जरूरत नहीं है, बल्कि केवल संक्षिप्त संशोधन (Summary Revision) ही काफी है. उन्होंने बिहार में अवैध प्रवासियों को ढूंढने के नाम पर चलाई गई पूर्व की मुहिम पर भी सवाल उठाए. 


उन्होंने कहा कि उस समय लगभग आठ करोड़ लोगों को परेशान होना पड़ा, लेकिन आज तक चुनाव आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वास्तव में कितने विदेशी नागरिक मिले. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार केवल 150 बांग्लादेशी और 350 नेपाली हिंदू महिलाएं पाई गईं, जो शादी करके बिहार आई थीं. 


पूर्व सीईसी ने सवाल उठाया कि महज 150 बांग्लादेशियों को ढूंढने के लिए करोड़ों लोगों को कतारों में खड़ा करना और लाखों वैध मतदाताओं के नाम काट देना कहां तक उचित है?


संयुक्त राष्ट्र (UN) के विशेष दूतों द्वारा इस प्रक्रिया की आलोचना किए जाने पर कुरैशी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि देश के आंतरिक चुनावी मामलों में किसी बाहरी एजेंसी का दखल देना दुखद है, लेकिन सरकार और आयोग को इसे महज घरेलू मामला कहकर खारिज नहीं करना चाहिए. 


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को देखते हुए इस गंभीर विषय पर दुनिया को एक ठोस और आश्वस्त करने वाला जवाब दिया जाना बेहद जरूरी है. इसके साथ ही, नए मतदाताओं के फॉर्म-6 के साथ माता-पिता के एसआईआर विवरण को अनिवार्य करने के फैसले पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की और इसे मतदाताओं की जिंदगी को और 'मुश्किल और दयनीय' बनाने वाला कदम करार दिया.


गौरतलब है कि चुनाव आयोग वर्तमान में देश के 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में तीसरे चरण का एसआईआर अभियान चला रहा है, जिससे करीब 36.73 करोड़ मतदाता प्रभावित हो रहे हैं. इन राज्यों में दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र और झारखंड जैसे कई विपक्ष शासित राज्य भी शामिल हैं, जबकि बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात जैसे राज्यों में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
असम सड़क हादसा- 23 मृत, 20 घायल
देश-विदेश

असम के काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, मिनीबस और ट्रक की सीधी टक्कर में 23 की मौत, 20 घायल

47 मिनट पहले

जयराम रमेश- कांग्रेस महासचिव
देश-विदेश

अदाणी सतारा प्रोजेक्ट की लागत 99 फीसदी घटाने की रिपोर्ट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा

6 घंटे पहले

UAE Fujairah Road Accident
देश-विदेश

UAE: 23 गाड़ियों की भीषण टक्कर और आग में 14 लोगों की मौत, भारतीयों समेत 30 घायल

18 घंटे पहले

गादी आइजनकोट- इज़रायल के नामित प्रधानमंत्री
देश-विदेश

गादी आइज़नकोट और बेंजामिन नेतन्याहू ने इज़राइल की चुनौतियों पर किया मंथन

18 घंटे पहले

न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में तीन मंजिला इमारत ढ़ही
देश-विदेश

न्यूयॉर्क: ब्रुकलिन में ताश के पत्तों की तरह ढही तीन मंजिला इमारत, 8 लोगों दर्दनाक मौत, 17 घायल

18 घंटे पहले

डब्लिन, आयरलैंड में डाटा सेंटर के खिलाफ प्रदर्शन
देश-विदेश

यूरोप में डेटा सेंटर निर्माण के खिलाफ विरोध तेज, 'अन्न बनाम डिजिटल' की जंग छिड़ी

19 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP