राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला, कहा- 'देश चलाने में अक्षम हैं पीएम'
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से की गई अपीलों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि प्रधानमंत्री के सुझाव उनकी विफलता का प्रमाण हैं और "कॉम्प्रोमाइज्ड पीएम" अब देश चलाने में सक्षम नहीं हैं.
राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए नागरिकों से सोना न खरीदने, विदेश यात्रा टालने, पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग करने और वर्क-फ्रॉम-होम जैसे तरीके अपनाने का आग्रह किया था.
राहुल गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि 12 वर्षों के शासन के बाद देश को ऐसे मोड़ पर ला खड़ा किया गया है, जहाँ अब जनता को यह बताया जा रहा है कि उन्हें क्या खरीदना चाहिए और क्या नहीं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी जवाबदेही से बचने के लिए बार-बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देती है.
इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने भी प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कहा था कि अमेरिका-ईरान युद्ध के तीन महीने बीत जाने के बाद भी सरकार के पास ऊर्जा सुरक्षा को लेकर कोई ठोस योजना नहीं है.
विपक्षी दल ने सरकार के इन सुझावों को "अनैतिक" करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आर्थिक संकट का हल निकालने के बजाय आम जनता को असुविधा में धकेल रहे हैं. गौरतलब है कि हैदराबाद में एक रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने वैश्विक संकट और विदेशी मुद्रा भंडार के दबाव का हवाला देते हुए खाद्य तेल, उर्वरक और ईंधन के विवेकपूर्ण उपयोग का आह्वान किया था.