ईंधन के दाम पर राहुल गांधी: 'बाकी वसूली किस्तों में होगी'
नई दिल्ली । डेस्क: देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. शुक्रवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता को मोदी सरकार की गलतियों का हर्जाना भरना पड़ रहा है.
राहुल गांधी ने तंज कसते हुए लिखा, "गलती मोदी सरकार की, कीमत जनता चुकाएगी." उन्होंने मौजूदा बढ़ोतरी को सिर्फ शुरुआत बताते हुए कहा कि ₹3 का झटका लग चुका है और बाकी की 'वसूली' किस्तों में की जाएगी.
ईंधन की दरों में यह वृद्धि चार साल से अधिक के अंतराल के बाद हुई है. ईरान युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने यह कदम उठाया है.
दिल्ली में अब पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹87.67 से बढ़कर ₹90.67 प्रति लीटर हो गई है.
इसके साथ ही दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में सीएनजी की कीमतों में भी ₹2 प्रति किलो का इजाफा हुआ है.
विपक्षी दलों का आरोप है कि राज्यों में चुनाव संपन्न होने तक सरकार ने कीमतों को जानबूझकर स्थिर रखा था और अब चुनाव परिणाम आने के बाद जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है. पेट्रोल-डीजल की ये कीमतें मई 2022 के बाद अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई हैं.