रायगढ़: 60 हजार रुपये घूस लेते क्लर्क गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के छाल तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने एक बाबू को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए दबोच लिया. आरोपी बाबू, जिसका मूल पद शिक्षक है और वह वर्तमान में तहसील कार्यालय में संबद्ध था, ग्रामीण से जमीन के सरकारी दस्तावेजों में नाम दुरुस्त करने के बदले एक लाख रुपये की मांग कर रहा था.
एसीबी की बिलासपुर इकाई ने जाल बिछाकर आरोपी को घूस की पहली किस्त के रूप में 60 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया.
यह पूरा मामला छाल थाना क्षेत्र के धसकामुड़ा गांव से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी भानुप्रताप पटेल अपने एक परिचित महिला कंचनबाई की जमीन खरीदने वाले थे. हालांकि, कंचनबाई के राजस्व रिकॉर्ड में नाम गलत दर्ज हो गया था, जिसे सुधारने का जिम्मा उन्होंने भानुप्रताप को सौंपा था.
जब इस सुधार कार्य के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया गया, तो वहां कार्यरत बाबू तुलाराम पटेल ने काम के एवज में एक लाख रुपये की मोटी रकम की मांग की.
भानुप्रताप रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने इस भ्रष्ट अधिकारी को सबक सिखाने की ठानी. इसके बाद उन्होंने सीधे बिलासपुर एसीबी से संपर्क कर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया.
योजना के तहत, टीम ने भानुप्रताप को केमिकल युक्त 60 हजार रुपये देकर तहसील कार्यालय भेजा. जैसे ही आरोपी तुलाराम पटेल ने रिश्वत की यह रकम अपने हाथ में ली, पहले से मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.