रायगढ़: सड़कों पर उतरी कांग्रेस, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
रायगढ़ । संवाददाता: राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों के आंदोलन और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में राजनीतिक माहौल गरमा गया है. जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शहर अध्यक्ष शाखा यादव और पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया.
बारिश की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग दोहराई.
विरोध के दौरान 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' चौक की ओर बढ़ते कार्यकर्ताओं ने अचानक प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर दिया.
इस दौरान वहां मौजूद पुलिस बल ने तुरंत हरकत में आते ही पानी डालकर आग बुझाने और पुतले को जब्त करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी छीना-झपटी और झूमाझटकी होती रही.
इसके बाद आक्रोशित कांग्रेसी चौक पर ही धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य अंधकार में है.
जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, तो केंद्र सरकार के इशारे पर उनके साथ बर्बरता की जा रही है.
शाखा यादव ने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर ही राहुल गांधी और अन्य शीर्ष नेताओं को हिरासत में लिया गया है, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है. इसी दमनकारी नीति के विरोध में देशव्यापी आह्वान पर रायगढ़ में भी यह उग्र प्रदर्शन किया गया.