रायगढ़ में महिला वकील की बेरहमी से हत्या
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक जूनियर महिला वकील की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, तमीडीह वन क्षेत्र की झाड़ियों में पीड़िता का शव बरामद किया गया, जिस पर धारदार हथियार और पत्थरों से वार किए जाने के निशान मिले हैं.
इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में जिला बार एसोसिएशन के सैकड़ों वकीलों ने पैदल मार्च निकालकर तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया है कि कोई भी वकील इस मामले के आरोपियों का प्रतिनिधित्व नहीं करेगा.
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या और सबूत मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़िता के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई की गति पर असंतोष व्यक्त किया है.