रायगढ़: तमनार कपड़ा फाड़ कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पिछले साल हुई भीषण हिंसा के मुख्य सूत्रधार को पुलिस ने धरदबोचा है. तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की एक संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कसडोल निवासी 39 वर्षीय राजेश मरकाम को गिरफ्तार किया है, जो घटना के बाद से पिछले छह महीनों से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था. पुलिस को मुखबिर से उसके ग्राम बरपाली में छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई.
गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में आरोपी ने आंदोलन के नाम पर लोगों को उकसाने और हिंसा फैलाने का जुर्म कबूल कर लिया है. रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक, राजेश मरकाम इस पूरे बवाल का मास्टरमाइंड था. उसने न केवल भीड़ को कानून हाथ में लेने के लिए भड़काया, बल्कि सरकारी अधिकारियों पर जानलेवा हमले का नेतृत्व करने, पुलिस से वॉकी-टॉकी व मोबाइल लूटने और भारी आगजनी कराने में मुख्य भूमिका निभाई थी.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 49 (दुष्प्रेरण) भी जोड़ दी है. उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
यह पूरा विवाद जेपीएल (JPL) कोयला खदान सेक्टर-1 कोल ब्लॉक से प्रभावित 14 गांवों के प्रदर्शन से जुड़ा है. यहां के ग्रामीण मुआवजा और पुनर्वास जैसी मांगों को लेकर धौराभाठा में आयोजित जनसुनवाई के विरोध में 12 दिसंबर से शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे. हालांकि, 27 दिसंबर की सुबह हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब लिबरा चौक (सीएचपी चौक) पर करीब 300 ग्रामीण अचानक सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया.
प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया और उन्हें वापस टेंट में भेज दिया था. लेकिन कुछ ही घंटों में वहां करीब 1000 लोगों की उग्र भीड़ जुट गई. घरघोड़ा एसडीएम और अन्य अधिकारी लगातार लाउडस्पीकर से शांति बनाए रखने की अपील करते रहे, पर दोपहर होते-होते प्रदर्शन ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया.
भीड़ ने पुलिस के सुरक्षा बैरिकेड्स को ताश के पत्तों की तरह ढहा दिया और पुलिसकर्मियों पर लाठियों व पत्थरों से हमला बोल दिया.
इस हिंसक झड़प में तमनार थाना प्रभारी कमला पुषाम को उपद्रवियों ने लात-घूसों से बुरी तरह पीटा और एक महिला पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी करते हुए उनके कपड़े तक फाड़ दिए. हमले में कई अन्य जवान और महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
हालात इस कदर बिगड़ चुके थे कि लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) खुद मोर्चा संभालने पहुंचे, लेकिन बेखौफ उपद्रवियों ने आला अधिकारियों की मौजूदगी में भी पथराव जारी रखा.
भीड़ सिर्फ पुलिस पर हमले तक ही नहीं रुकी, बल्कि उन्होंने मौके पर खड़ी पुलिस बस, सरकारी जीप और एम्बुलेंस को आग के हवाले कर दिया. इसके बाद हुड़दंगी जिंदल के कोल हैंडलिंग प्लांट के भीतर घुस गए. वहां उन्होंने तबाही मचाते हुए कन्वेयर बेल्ट, दो ट्रैक्टरों और परिसर में खड़े अन्य वाहनों में आग लगा दी. प्लांट के प्रशासनिक दफ्तर में भी जमकर तोड़फोड़ की गई.
पुलिस के अनुसार, इस भीषण उपद्रव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में तमनार थाने में कुल 16 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं. पुलिस इस मामले में अब तक 22 उपद्रवियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है. मुख्य आरोपी राजेश मरकाम की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी कामयाबी मान रही है, वहीं मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.