रायगढ़: शादी समारोह से लौट रही युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक 21 वर्षीय युवती के साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. जोबी चौकी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उस वक्त धर दबोचा, जब वह गांव छोड़कर भागने की फिराक में था. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम पीड़िता अपने गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गई थी. वहां से लौटते समय जब वह अपने एक रिश्तेदार को छोड़ने बस्ती की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में एक अनजान नंबर से आए फोन पर बात करने के लिए वह रुकी.
इसी दौरान आरोपी रमाकांत मांझी वहां आ धमका. आरोपी उसे जबरन पास ही स्थित एक आंगनबाड़ी भवन के पीछे ले गया और उसके साथ इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया.
वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को दुपट्टे से बांधने की कोशिश की और मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी भी दी. हालांकि, पीड़िता द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी घबरा गया और अपनी बाइक, पर्स, आधार कार्ड व अन्य सामान मौके पर ही छोड़कर दीवार लांघकर वहां से भाग निकला.
इस घटना के बाद सदमे और डर के कारण युवती की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए तत्काल खरसिया अस्पताल में भर्ती कराया. सेहत में सुधार होने के बाद सोमवार को पीड़िता ने जोबी चौकी पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी रमाकांत मांझी उसे पहले से जानता था और काफी समय से फोन पर शादी व प्रेम का दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था.
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घेराबंदी कर फरार हो रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. मामले पर रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और उनसे जुड़े अपराधों को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है. ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ तत्काल व सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.