रायपुर: 29 मई से 3 दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव, 250 से अधिक किस्म के आम
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी 29, 30 और 31 मई को तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. यह भव्य महोत्सव कृष्णानगर स्थित कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम का समन्वय इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ सरकार के उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी निदेशालय और 'प्रकृति की ओर' सोसाइटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है.
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आम जनता को आम की विभिन्न घरेलू और विदेशी किस्मों से परिचित कराना और किसानों व नए उद्यमियों को इसके उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करना है.
आयोजकों से मिली जानकारी के अनुसार, इस तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश की 250 से अधिक आम की किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा. इसके साथ ही यहाँ आम के फलों, आम से बने विभिन्न उत्पादों और आम के पौधों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री भी आयोजित होगी.
इस महोत्सव में आम जनता और संस्थागत प्रतिभागियों के लिए प्रवेश और पंजीकरण पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है. कार्यक्रम के पहले दिन यानी 29 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंजीकरण स्वीकार किए जाएंगे, जबकि आम दर्शकों के लिए यह प्रदर्शनी तीनों दिन सुबह से रात 9 बजे तक खुली रहेगी.
महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के आम उत्पादक हिस्सा लेंगे. इसके अलावा, स्कूल-कॉलेज के छात्रों, महिलाओं और आम जनता के लिए 'मैंगो डिश' (आम के पकवान) और 'मैंगो डेकोरेशन' (आम की सजावट) प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं.
विविधता प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को प्रति किस्म कम से कम 5 से 10 आम लाने होंगे, जबकि डिश प्रतियोगिता के लिए न्यूनतम 250 ग्राम उत्पाद लाना अनिवार्य है.
महोत्सव के दूसरे दिन, 30 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादकों और प्रेमियों के लिए एक विशेष तकनीकी मार्गदर्शन और चर्चा सत्र का आयोजन किया जाएगा. इस सत्र में छत्तीसगढ़ की जलवायु के अनुकूल उच्च गुणवत्ता वाली आम की किस्मों के उत्पादन, उनके प्रसंस्करण, विपणन और आम की खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं पर विशेषज्ञ जानकारी दी जाएगी.
इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को आम की खेती से जोड़ना और इसे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वास्थ्य-अनुकूल आजीविका के रूप में बढ़ावा देना है.
आयोजन के अंतिम दिन, 31 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे.
इसके बाद समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा. पिछले दो वर्षों की शानदार सफलता और जनता से मिले भारी रिस्पांस को देखते हुए इस बार भी विश्वविद्यालय प्रशासन और आयोजकों को इस महोत्सव में भारी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है. File Photo