बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

रायपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

C

CG Khabar

18 जुल. 2026, 01:12 AM 3 मिनट में पढ़ें 17

आत्महत्या
आत्महत्या

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित एक किराए के मकान से शुक्रवार रात पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव बरामद किए गए. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि परिवार के मुखिया ने पहले पत्नी और बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.


पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (50), उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली और बेटियों शाहिदा व इरशाबा बेगम के रूप में हुई है. परिवार पिछले करीब आठ महीने से संजय नगर निवासी सय्यद उमेर अली के मकान में किराए पर रह रहा था. शाहिद पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था, जबकि उसका बेटा एक निजी कंपनी में कार्यरत था.

विज्ञापन


पड़ोसियों के मुताबिक, गुरुवार शाम के बाद परिवार का कोई सदस्य दिखाई नहीं दिया. शुक्रवार को पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई. देर रात पड़ोसियों ने घर के भीतर से दुर्गंध आने पर कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद रात करीब 10 बजे टिकरापारा पुलिस को सूचना दी गई.


सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. दरवाजा तोड़कर जब पुलिस घर के भीतर दाखिल हुई तो अंदर का मंजर देखकर सभी हैरान रह गए. एक कमरे में शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी और तीनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे. सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका और गहरा गई.


घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी मिला है. प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि पहले खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद शाहिद ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यह केवल शुरुआती आशंका है और अंतिम निष्कर्ष वैज्ञानिक जांच तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही निकाला जाएगा.


फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और जांच पूरी होने के बाद मकान को सील कर दिया गया. पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.


पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शाहिद मूल रूप से बिहार का रहने वाला था. रायपुर के कुकरीपारा इलाके में रहने वाले उसके भाई जहीर अली ने सभी शवों की पहचान की. पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ-साथ मकान मालिक और आसपास के लोगों के भी बयान दर्ज कर रही है ताकि घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.


मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शाहिद की दोनों बेटियां अक्सर पहली मंजिल पर रहने वाले दूसरे किरायेदार के घर आती-जाती थीं. गुरुवार रात के बाद उनके नहीं दिखने और शुक्रवार को भी घर का दरवाजा बंद रहने से पड़ोसियों को संदेह हुआ. काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर मकान मालिक को बुलाया गया और अंततः पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ.


फिलहाल टिकरापारा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP