सरकार के खिलाफ नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन तड़ीपार का आधार नहीं: बॉम्बे HC
मुंबई । डेस्क: बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक बेहद अहम फैसले में स्पष्ट किया है कि सरकार के फैसलों का विरोध करना या उसके खिलाफ नारेबाजी करना किसी भी नागरिक को किसी क्षेत्र या जिले से निष्कासित (तड़ीपार) करने का वैध आधार नहीं हो सकता. कोर्ट ने मुंबई पुलिस द्वारा सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के महाराष्ट्र राज्य महासचिव सईद अहमद अब्दुल वाहिद चौधरी के खिलाफ जारी तड़ीपार के आदेश को पूरी तरह से रद्द कर दिया है.
न्यायाधीश माधव जामदार की एकल पीठ ने मुंबई पुलिस के इस कदम की तीखी आलोचना की. कोर्ट ने सवाल उठाया कि 'भाजपा सरकार मुर्दाबाद' और 'अमित शाह मुर्दाबाद' जैसे नारों के कारण किसी नागरिक को एक साल के लिए मुंबई और उसके आसपास के इलाकों से बाहर निकालने (externment) जैसा सख्त कदम कैसे उठाया जा सकता है.
अदालत ने देश भर में परीक्षा पेपर लीक को लेकर हो रहे हालिया विरोध प्रदर्शनों का भी जिक्र किया.
सुनवाई के दौरान जस्टिस जामदार ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी जनता के प्रति जवाबदेह प्राधिकारी हैं, न कि मंत्रियों के अधीन काम करने वाले कर्मचारी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को सरकार के फैसलों के खिलाफ आंदोलन और विरोध करने का पूरा संवैधानिक अधिकार है.
पुलिस केवल नारेबाजी या शांतिपूर्ण प्रदर्शन के आधार पर लोगों को उनके ही शहर से बेदखल करने वाले तड़ीपार आदेश पारित नहीं कर सकती.
हाई कोर्ट ने माना कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा चौधरी को केवल केंद्र सरकार के फैसलों का विरोध करने के लिए तड़ीपार करने की कार्रवाई से याचिकाकर्ता के बोलने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार के साथ-साथ सम्मान से जीने के अधिकार का सीधा हनन हुआ है.
मुंबई के चेंबूर निवासी सईद अहमद चौधरी नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (CAA), राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC), बाबरी मस्जिद विध्वंस, ज्ञानवापी मस्जिद विवाद, वक्फ बोर्ड में भ्रष्टाचार और ईंधन की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने में सक्रिय रहे हैं.
उनके खिलाफ साल 2019 से 2024 के बीच कई मामले दर्ज किए गए थे, जो सभी विरोध प्रदर्शनों से जुड़े थे और जिनमें उन पर लोक सेवक के आदेश की नाफरमानी (IPC की धारा 188) का आरोप था.
इन्हीं मामलों को आधार बनाकर दिसंबर 2025 में मुंबई के पुलिस उपायुक्त (DCP) ने चौधरी को 12 महीने के लिए मुंबई और उसके उपनगरीय इलाकों से बाहर जाने का आदेश दिया था, जिसे कोंकण संभाग के विभागीय आयुक्त ने भी सही ठहराया था.
चौधरी ने इस फैसले को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, क्योंकि इस आदेश के कारण वे मुंबई नगर निकाय चुनावों के महत्वपूर्ण समय में अपनी पार्टी के लिए सांगठनिक काम और प्रचार करने से वंचित रह गए थे.
चौधरी की ओर से पेश वकील पयोशी रॉय ने दलील दी कि महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम (MPA) की धारा 56 का इस्तेमाल गंभीर अपराधियों और जीवन या संपत्ति के लिए बड़ा खतरा बनने वाले तत्वों के खिलाफ किया जाता है, न कि धारा 188 के तहत आने वाले राजनीतिक व लोकतांत्रिक प्रदर्शनों के लिए.
हाई कोर्ट ने इस दलील को सही माना और पुलिस की इस कार्रवाई को शक्तियों का दुर्भावनापूर्ण (malafide) दुरुपयोग करार देते हुए तड़ीपार के आदेश को पूरी तरह खारिज कर दिया.