राजनांदगांव: रिसॉर्ट में करंट लगने से किशोर की मौत
राजनांदगांव । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सोमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मनगटा स्थित एक निजी रिसॉर्ट में लापरवाही ने एक मासूम की जान ले ली. मिली जानकारी के अनुसार, मनगटा के बस रिसॉर्ट में अपने परिवार और दोस्तों के साथ गए 13 वर्षीय बालक की स्विमिंग पूल के पास लगे बिजली के झालर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि सजावट के लिए लगाए गए उस झालर में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसका शिकार होते ही बालक अचेत हो गया. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इस दुखद हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने न्याय की मांग को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की, जिसके कारण यह अनहोनी हुई.
परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और मुआवजे की मांग करते हुए घंटों प्रदर्शन किया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए.
प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ. राजनांदगांव के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है और मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके.