सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

राजनांदगांव: मासूम की मौत के बाद शव फेंकने वाले ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार

C

CG Khabar

03 मई 2026, 11:03 PM 2 मिनट में पढ़ें 14

ड्राइवर गिरफ्तार-राजनांदगांव
ड्राइवर गिरफ्तार-राजनांदगांव

राजनांदगांव । डेस्क: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में गैंदाटोला थाना क्षेत्र के ग्राम मातेखेड़ा में एक 13 साल के नाबालिग की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से जान चली गई. पुलिस ने इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए ट्रैक्टर चालक और उसके मालिक को गिरफ्तार कर लिया है. इन दोनों पर न केवल लापरवाही से मौत, बल्कि साक्ष्य छिपाने के भी गंभीर आरोप लगे हैं.


घटना की शुरुआत 30 अप्रैल को हुई, जब प्रार्थी रघुवीर सिंह मंडावी ने अपने बेटे भावेश मंडावी के अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी. परिजनों को अंदेशा था कि गांव का ही जशवंत नेताम उनके बेटे को बिना बताए अपने साथ ले गया है. जब सुबह तक बालक वापस नहीं लौटा, तो अपहरण की आशंका के चलते पुलिस ने तत्परता दिखाई और संदेह के आधार पर जशवंत को हिरासत में लिया.

विज्ञापन


कड़ाई से पूछताछ करने पर चौंकाने वाला सच सामने आया. आरोपी जशवंत, ट्रैक्टर मालिक ओमप्रकाश साहू के खेत में समतलीकरण का काम कर रहा था. काम के दौरान आरोपियों ने जानबूझकर जोखिम जानते हुए भी मासूम भावेश से ट्रॉली का हुक खुलवाया. 


इसी प्रक्रिया में ट्रैक्टर के आगे-पीछे होने के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे दबने से बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.


हादसे के बाद खुद को फंसता देख ड्राइवर और मालिक ने इंसानियत को ताक पर रख दिया. पकड़े जाने के डर से दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई और मासूम की लाश को ट्रैक्टर में लादकर करीब 3 किलोमीटर दूर केशोटोला गांव के एक सुनसान खेत में फेंक दिया.


पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर क्षत-विक्षत अवस्था में शव बरामद किया. पुलिस ने आरोपी चालक जशवंत नेताम (25) और मालिक ओमप्रकाश साहू (35) को जेल भेज दिया है और घटना में प्रयुक्त दोनों ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया गया है.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP