रायगढ़ में स्वास्थ्य कर्मियों की रैली, ज्ञापन सौंपा
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अपनी सालों पुरानी लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा है. प्रांतीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मियों ने मिनी स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक एक विशाल पैदल रैली निकालकर जमकर नारेबाजी की.
इसके पश्चात प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि वर्ष 2023 में हुए अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान सरकार द्वारा मिले आश्वासनों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है.
कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग स्वास्थ्य विभाग में जारी निजीकरण, ठेका प्रथा और आउटसोर्सिंग पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाने की है. संघ का तर्क है कि इस तरह की व्यवस्था से राज्य की बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर गिर रहा है.
इसके साथ ही, विभाग में स्वीकृत पदों में से लगभग 35 से 40 प्रतिशत पद वर्तमान में रिक्त पड़े हैं, जिन्हें सीधी भर्ती के जरिए तुरंत भरा जाना चाहिए. संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के लिए 'समान काम, समान वेतन' की नीति लागू करने और जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के प्रदेश स्तर पर असमान मानदेय को समाप्त कर एक समान व्यवस्था बनाने की भी पुरजोर वकालत की गई है.
ज्ञापन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासन को भेजे गए पुनरीक्षित वेतनमान के प्रस्ताव पर अविलंब निर्णय लेने की मांग उठाई गई है.
कर्मचारियों का कहना है कि आगामी आठवें वेतन आयोग के लागू होने से पहले यदि इसे मंजूरी नहीं मिली, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा.
स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एक स्वतंत्र 'स्वास्थ्य आयोग' के गठन और राज्य में कार्यरत सभी चिकित्सा व पैरामेडिकल कर्मचारियों के अनिवार्य पंजीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, ताकि फर्जी डिग्रीधारियों पर नकेल कसी जा सके और प्रशिक्षित युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो सके.