मंदी और डीजल संकट: किसानों ने पपीते की फसल पर चलाया ट्रैक्टर
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र से किसानों की बेबसी की एक बेहद परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है. इलाके में खाद्य प्रसंस्करण और भंडारण (कोल्ड स्टोरेज) की पुख्ता व्यवस्था न होने से नाराज और हताश किसानों ने लगभग 500 एकड़ में लगी पपीते की लहलहाती फसल को ट्रैक्टर चलाकर पूरी तरह जमींदोज कर दिया.
किसानों का कहना है कि अगर वे इस खराब हो रही फसल को खेतों से नहीं हटाते, तो वे अगली बुआई की तैयारी भी नहीं कर पाते. बार-बार मिलने वाले सरकारी आश्वासनों के बाद भी स्थानीय स्तर पर फूड पार्क न बनने से किसानों में भारी आक्रोश है.
इस तबाही की सबसे बड़ी वजह बाजार में आई भारी मंदी के साथ-साथ अचानक पैदा हुआ डीजल संकट रहा. दरअसल, पिछले साल पपीते के बेहतरीन दाम (18 से 20 रुपये प्रति किलो) मिलने की वजह से इस बार बड़ी संख्या में किसानों ने बड़े पैमाने पर इसकी बागवानी की थी. बंपर उत्पादन होने के कारण इस सीजन में कीमतें औंधे मुंह गिरकर महज 6 से 7 रुपये प्रति किलो पर सिमट गईं.
इस मामूली कीमत से किसानों की लागत निकलना भी मुहाल हो गया था. रही-सही कसर डीजल की किल्लत ने पूरी कर दी, जिसके चलते ट्रकों के पहिये थम गए. परिवहन ठप होने की वजह से धमधा का कच्चा पपीता पश्चिम बंगाल, दिल्ली और बिहार जैसी बड़ी मंडियों तक नहीं भेजा जा सका और खेतों में ही रखे-रखे सड़ने लगा.
फसल नष्ट करने वाले स्थानीय किसानों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि इस संकट ने उन्हें कर्ज के दलदल में धकेल दिया है. पथरीकला की महिला किसान डिलेश्वरी वर्मा के मुताबिक, उनके 20 एकड़ के खेत में लगे 16,500 पौधों पर करीब 80 टन पपीता पूरी तरह तैयार था, लेकिन खरीदार न मिलने से पूरी मेहनत पर ट्रैक्टर चलाना पड़ा.
वहीं, किसान जालम सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने 10 एकड़ में पपीते की खेती पर ₹10 लाख की भारी-भरकम पूंजी लगाई थी, मगर पूरे सीजन में वे केवल ₹7 लाख की ही बिक्री कर पाए.
एक अन्य किसान विवेक वर्मा को भी अपनी 15 एकड़ की फसल को इसी तरह नष्ट करना पड़ा. 50 एकड़ में खेती करने वाले किसान शिवकुमार वर्मा ने कहा कि बंपर पैदावार के बावजूद खरीदार न मिलने के कारण मजबूरी में यह आत्मघाती कदम उठाना पड़ा. इस चौतरफा घाटे और व्यवस्था की बेरुखी से अब इलाके के किसानों का खेती से मोहभंग होने लगा है.