प्रख्यात ब्रिटिश पत्रकार मार्क टुली का 90 वर्ष की उम्र में निधन
नई दिल्ली । डेस्क: प्रसिद्ध ब्रिटिश पत्रकार और भारत मामलों के गहरे जानकार मार्क टुली का रविवार को 90 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले एक सप्ताह से दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती थे. उनके निधन की पुष्टि उनके करीबी मित्र और वरिष्ठ पत्रकार सतीश जैकब ने की.
कोलकाता में 1935 में जन्मे मार्क टुली लगभग तीन दशकों तक बीबीसी से जुड़े रहे.
उन्होंने 22 वर्षों तक बीबीसी के नई दिल्ली ब्यूरो प्रमुख के रूप में काम किया.
1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम, भारत में आपातकाल, ऑपरेशन ब्लू स्टार, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या जैसी ऐतिहासिक घटनाओं की उन्होंने प्रत्यक्ष रिपोर्टिंग की.
कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से इतिहास और धर्मशास्त्र की पढ़ाई करने वाले टुली 1965 में बीबीसी के लिए भारत आए थे.
पत्रकारिता में उनके योगदान के लिए उन्हें 2002 में ‘नाइटहुड’ की उपाधि और 2005 में भारत सरकार द्वारा पद्म सम्मान से नवाजा गया था.
मार्क टुली ने भारत पर कई चर्चित किताबें लिखीं, जिनमें नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया, इंडिया इन स्लो मोशन और द हार्ट ऑफ इंडिया प्रमुख हैं.
उनके निधन से अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता जगत ने एक संवेदनशील और ईमानदार आवाज़ खो दी है.