चूहों की आड़ में धान घोटाला? जोगी कांग्रेस का 'वांटेड चूहा' अभियान
रायपुर । संवाददाता: कबीरधाम जिले के बाजार चारभाठा धान खरीदी केंद्र से 22 हजार क्विंटल से ज्यादा धान के गायब होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस धान की कीमत करीब 7 करोड़ रुपये आंकी जा रही है, जिसने जिले की धान खरीदी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
शुरुआत में अधिकारियों ने कमी का ठीकरा चूहों और कीटों के सिर फोड़ा था, लेकिन अब जिला प्रशासन ने अपना रुख बदलते हुए इसे मुख्य रूप से 'सूखत' (नमी कम होने से वजन घटना) का नतीजा बताया है.
प्रशासन का कहना है कि धान की कमी चोरी या गबन से नहीं, बल्कि प्राकृतिक कारणों से हुई है. इस बीच, कार्रवाई के तौर पर केंद्र के प्रभारी को फौरन निलंबित कर दिया गया है, जबकि जिला विपणन अधिकारी को स्पष्टीकरण के लिए नोटिस थमा दिया गया है.
विपक्षी दल जोगी कांग्रेस ने इसे बड़े पैमाने पर गबन करार देते हुए हमलावर तेवर अख्तियार कर लिए हैं. पार्टी कार्यकर्ताओं ने शहर भर में व्यंग्यपूर्ण पोस्टर लगाए हैं, जिनमें 'वांटेड चूहा' की तलाश की अपील की गई है.
जिला अध्यक्ष सुनील केसरवानी ने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी करोड़ों के धान की कमी को चूहों पर थोप रहे हैं, जबकि असलियत कुछ और है. उन्होंने लोगों से गुजारिश की कि अगर कहीं यह 'भागा हुआ चूहा' नजर आए तो फौरन खबर करें ताकि साफ हो सके कि वह चार पैर वाला है या दो पैर वाला.
मामला और गरमाने वाला है क्योंकि जोगी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी गुरूवार को कवर्धा पहुंच रहे हैं. वे केंद्र पर जाल लेकर चूहा पकड़ने का प्रदर्शन करेंगे और कलेक्टर के सामने इस कथित घोटाले का पर्दाफाश करने का ऐलान किया है.