सक्ती: 14 साल के छात्र की हत्या, अप्राकृतिक दुष्कर्म की आशंका
सक्ती । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 14 साल के एक स्कूली छात्र की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को 22 वर्षीय मुख्य आरोपी हेमंत कुमार केंवट को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी पर हत्या और अपहरण सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
घटनाक्रम के अनुसार, 9वीं कक्षा में पढ़ने वाला यह किशोर बीती 8 जुलाई को अचानक लापता हो गया था. बताया जा रहा है कि नशे का आदी आरोपी हेमंत कुमार उसे कबाड़ का लोहा बेचकर मोटी रकम कमाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था.
जब छात्र रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की. कोई सुराग न मिलने पर रिश्तेदारों ने सक्ती थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फौरन एक विशेष टीम का गठन कर तफ्तीश शुरू की. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि पीड़ित को आखिरी बार हेमंत के साथ देखा गया था.
पुलिस ने जब संदेही हेमंत को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब छह-सात महीने पहले उसका हरदा गांव के कुछ लड़कों से विवाद हुआ था. हेमंत को शक था कि इस छात्र ने ही उस झगड़े की मुखबिरी की थी. इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने किशोर को मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची.
आरोपी 8 जुलाई की रात छात्र को बहला-फुसलाकर एक सुनसान फॉर्महाउस पर ले गया. वहां उसने गला दबाकर किशोर की जान ले ली. वारदात के बाद उसने साक्ष्य छिपाने के मकसद से छात्र के कपड़े दूर फेंक दिए और फॉर्महाउस से फावड़ा निकालकर खेत में एक गड्ढा खोदा, जहां लाश को नग्न अवस्था में दफना दिया.
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस को मृतक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म होने की भी आशंका है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात की आधिकारिक पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
11 जुलाई को मजिस्ट्रेट, डॉक्टरों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर शव को जमीन से बाहर निकाला गया. परिजनों द्वारा शिनाख्त किए जाने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
सक्ती जिले के पुलिस कप्तान प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है और आगामी रिपोर्ट के आधार पर केस में अन्य आवश्यक धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं.