जावेद हबीब पर लगा करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, 32 FIR दर्ज
नई दिल्ली । डेस्क: उत्तर प्रदेश के संभल में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब, उनके बेटे अनोश हबीब और एक सहयोगी पर निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का वादा करके कथित रूप से धोखा देने के आरोप में 32 एफआईआर दर्ज की गई हैं.
पुलिस के अनुसार, जावेद हबीब और अन्य पर फॉलिकल ग्लोबल कंपनी (FLC) के बैनर तले एक योजना चलाने का आरोप है. वे कथित तौर पर प्रत्येक निवेशक से ₹5 से ₹7 लाख लेते थे और बिटकॉइन खरीद पर 50-70 प्रतिशत तक रिटर्न देने का वादा करते थे. पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने पहले बताया था कि "उन्होंने प्रत्येक निवेशक से लगभग ₹5-7 लाख लिए थे, लेकिन ढाई साल बाद भी किसी भी निवेशक को उनका पैसा वापस नहीं मिला."
प्रारंभिक जांच में यह वित्तीय धोखाधड़ी ₹5 से ₹7 करोड़ रुपये तक होने का अनुमान है. आरोपियों को देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया है.
रायसत्ती पुलिस स्टेशन के इंचार्ज गोविंद कुमार ने बताया कि हबीब, उनके बेटे अनोश और सहयोगी सैफुल के खिलाफ 32 एफआईआर दर्ज की गई हैं और उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस दिया गया था.
रविवार को हबीब के वकील पवन कुमार ने संभल पुलिस से मुलाकात की और अपने मुवक्किल के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए मेडिकल पेपर सौंपे.
वकील ने कहा कि हबीब को दिल की समस्या है और हाल ही में उन्होंने अपने पिता को खोया है, इसलिए वह व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सकते हैं. उन्होंने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि हबीब को न्यायपालिका और संविधान पर पूरा भरोसा है.