विनेश फोगाट की सुरक्षा पर अड़े संजय सिंह: गोंडा में ही होगा टूर्नामेंट
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) और देश की दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट के बीच एक बार फिर टकराव की स्थिति पैदा हो गई है. विनेश फोगाट द्वारा आगामी नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के आयोजन स्थल को लेकर उठाए गए गंभीर सवालों के बाद, WFI के अध्यक्ष संजय सिंह ने रविवार को स्पष्ट कर दिया कि प्रतियोगिता के वेन्यू में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
संजय सिंह ने विनेश की सुरक्षा की 'व्यक्तिगत गारंटी' लेते हुए कहा कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और अंतरराष्ट्रीय मानकों (UWW) के रेफरी ही मैट पर निर्णय लेंगे, ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की गुंजाइश न रहे. उन्होंने यह भी साफ किया कि यह एक ओपन टूर्नामेंट है जिसमें हिस्सा लेना अनिवार्य नहीं है, अतः खिलाड़ी अपनी स्वेच्छा से फैसला ले सकते हैं.
इससे पहले, पेरिस ओलंपिक के बाद करीब 18 महीने के अंतराल पर मैट पर वापसी की तैयारी कर रहीं विनेश फोगाट ने एक वीडियो संदेश के जरिए सरकार और खेल मंत्रालय को कटघरे में खड़ा किया था.
विनेश ने आरोप लगाया कि पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र गोंडा में टूर्नामेंट आयोजित कर उन्हें मानसिक दबाव में डालने की कोशिश की जा रही है.
विनेश ने चेतावनी दी कि यदि प्रतियोगिता के दौरान उनके या उनके समर्थकों के साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि बृजभूषण के करीबियों द्वारा रेफरी और मैच के परिणामों को प्रभावित किया जा सकता है, जिससे खिलाड़ियों को समान अवसर नहीं मिलेंगे.
दूसरी ओर, कुश्ती महासंघ के सूत्रों का कहना है कि इस टूर्नामेंट के लिए देश भर से लगभग 1400 पहलवानों ने पंजीकरण कराया है और उन्होंने अपनी यात्रा एवं रहने की व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं. महासंघ के अनुसार, केवल एक खिलाड़ी की चिंता के आधार पर इतने बड़े पैमाने पर आयोजन का स्थान बदलना संभव नहीं है क्योंकि इससे सैकड़ों पहलवानों को असुविधा होगी.
10 से 12 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में विनेश 57 किलोग्राम भार वर्ग में उतरने वाली हैं.
ज्ञात हो कि विनेश उन छह महिला पहलवानों में से एक हैं जिन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, और वह वर्तमान में हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही हैं. विनेश का मानना है कि खेल मंत्रालय इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है, जिससे न्याय की उम्मीद कम होती जा रही है. File Photo