सत्यपाल मलिक का निधन
जम्मू‑कश्मीर समेत गोवा, मेघालय व बिहार के राज्यपाल रह चुके वरिष्ठ राजनेता चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक का आज 5 अगस्त 2025 को निधन हो गया.
नई दिल्ली | डेस्क: जम्मू‑कश्मीर समेत गोवा, मेघालय व बिहार के राज्यपाल रह चुके वरिष्ठ राजनेता चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक का आज निधन हो गया. उन्होंने 79 वर्ष की आयु में दिल्ली स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में अंतिम सांस ली.
मलिक लंबे समय से किडनी की बीमारी से ग्रसित थे और इसी कारण 11 मई 2025 से अस्पताल में भर्ती थे. उनकी हालत पिछले कुछ दिनों में लगातार बिगड़ती चली गई.
सत्यपाल मलिक का राजनीतिक करियर 1974 में बागपत, उत्तर प्रदेश से विधायक चुने जाने से शुरू हुआ. बाद में वह लोकसभा और राज्यसभा सदस्य भी रहे.
उन्होंने विभिन्न दलों- लोकदल, कांग्रेस, जनता दल, समाजवादी पार्टी में कार्य किया, और अंततः 2004 से भाजपा में शामिल हुए.
वह 2017–18 में बिहार, 2018–19 में जम्मू‑कश्मीर, 2019–20 में गोवा और 2020–22 तक मेघालय के राज्यपाल रहे. खासतौर पर उनका जम्मू‑कश्मीर का कार्यकाल महत्वपूर्ण था, क्योंकि इसी अवधि में अनुच्छेद 370 तथा 35A को समाप्त कर दिया गया, जिससे राज्य का विशेष दर्जा समाप्त हुआ.
मोदी से तकरार
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के दौरान, मोदी सरकार के खिलाफ अपने तीखे और विवादास्पद बयानों के लिए भी सत्यपाल मलिक चर्चित रहे. उन्होंने खुलकर कई ऐसे मुद्दों पर टिप्पणी की, जो आमतौर पर राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर रहने वालों से अपेक्षित नहीं होते.
उन्होंने 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले के संबंध में एक सनसनीखेज दावा किया था कि "हमले में 40 से ज़्यादा सीआरपीएफ जवानों की जान गई, लेकिन केंद्र सरकार की लापरवाही इसकी ज़िम्मेदार थी."
उन्होंने कहा कि "सीआरपीएफ ने विमान मांगे थे, लेकिन उन्हें सड़क मार्ग से भेजा गया। अगर उन्हें एयरलिफ्ट किया जाता तो यह हमला टल सकता था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझसे कहा था कि यह बात सार्वजनिक मत करना."
उन्होंने कृषि कानून को लेकर भी मोदी सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने "ज़िद में" कृषि कानून बनाए, और जब किसान सड़कों पर आ गए तो सरकार ने उन्हें अपमानित किया.
उनके शब्द थे- "प्रधानमंत्री किसान आंदोलन को समझने की बजाय उन्हें खालिस्तानी, आतंकवादी कहा गया। यह किसानों का अपमान है."
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा-"अगर कोई किसान के खिलाफ जाएगा, तो मैं उसके खिलाफ जाऊंगा, चाहे वह प्रधानमंत्री ही क्यों न हो."
सत्यपाल मलिक ने अपने कार्यकाल के दौरान कहा-"मोदी सरकार भ्रष्टाचार को रोकने में विफल रही है. राज्यपाल रहते हुए मैंने खुद रिश्वत की पेशकश ठुकराई थी."
उन्होंने जम्मू‑कश्मीर के एक हाइड्रो प्रोजेक्ट और स्वास्थ्य बीमा स्कीम में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और दावा किया कि उन्हें 300 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई थी.
अंतिम दिनों में तो पीएम नरेंद्र मोदी से उनकी असहमति और बढ़ गई थी. उन्होंने कहा-"मोदी जी के आसपास के लोग डरते हैं. वे प्रधानमंत्री को सच्चाई नहीं बताते. पीएम सवालों से कतराते हैं और इंटरव्यू में पहले से तय सवाल होते हैं."
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार में लोकतंत्र कमजोर हुआ है और असहमति को दबाया जाता है.
जब सीबीआई ने किरू हाइड्रो प्रोजेक्ट मामले में उन्हें आरोपी बनाया, तो उन्होंने इसे "राजनीतिक प्रतिशोध" बताया. उन्होंने कहा था-"सीबीआई मेरे खिलाफ इसलिए आई क्योंकि मैंने प्रधानमंत्री की आलोचना की थी. यह मुझे चुप कराने की कोशिश है."