पीने के पानी में सीवर की मिलावट: NGT ने UP, MP और राजस्थान सरकार से मांगा जवाब
नई दिल्ली । डेस्क: नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में पीने के पानी में सीवर के दूषित पानी मिलने से पैदा हुए गंभीर स्वास्थ्य संकट पर स्वतः संज्ञान लिया है. विभिन्न समाचार रिपोर्टों के आधार पर एनजीटी ने तीनों राज्य सरकारों और संबंधित प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों को नोटिस जारी कर हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है.
ट्रिब्यूनल ने चिंता जताते हुए कहा कि दशकों पुराने और जर्जर बुनियादी ढांचे के कारण पेयजल पाइपलाइनों में सीवर का पानी मिल रहा है, जिससे उदयपुर, जोधपुर, जयपुर, भोपाल और ग्रेटर नोएडा जैसे शहरों में लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं.
विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 और भोपाल में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने और इंदौर में दूषित पानी से हुई हालिया मौतों का जिक्र करते हुए एनजीटी ने इसे पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और जल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन माना है.
अब केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और संबंधित मंत्रालय इस मामले में जवाबदेही और नागरिकों के सुरक्षित पेयजल के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे.