20 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर गुजरात पहुंचा पोत
गांधीनगर । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव और सुरक्षा चुनौतियों के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर है. कतर से चला 20,000 मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) से लदा एक विशाल मालवाहक जहाज सुरक्षित रूप से गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी पहुंच गया है.
अधिकारियों के मुताबिक, मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाला यह पोत 'एमवी सिमी' (MV SYMI) शनिवार देर रात करीब 11:30 बजे बंदरगाह पर सफलतापूर्वक डॉक हुआ.
यह यात्रा इसलिए बेहद संवेदनशील मानी जा रही थी क्योंकि इस जहाज ने 13 मई को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को पार किया था. वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से इस समुद्री मार्ग को बेहद अहम माना जाता है, जहां से दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत ईंधन की आवाजाही होती है.
फरवरी के आखिर में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच भड़के संघर्ष के बाद से इस पूरे क्षेत्र में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा हो गया है. इस खतरनाक माहौल के बावजूद भारतीय हितों से जुड़े जहाजों की आवाजाही जारी है.
मार्च की शुरुआत से अब तक भारत के ध्वज वाले 13 जहाज (जिसमें 12 एलपीजी टैंकर और एक कच्चे तेल का टैंकर शामिल है) इस अशांत मार्ग से सुरक्षित गुजर चुके हैं.
इस बीच, समुद्री व्यापारिक मार्गों पर बढ़ते खतरों को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी चिंता जताई जा रही है. संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (UNECOSOC) की एक विशेष बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने दोटूक कहा कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, चालक दल की जान जोखिम में डालना और नौवहन की स्वतंत्रता को बाधित करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है.
भारत की यह चिंता हालिया घटनाओं को देखते हुए स्वाभाविक भी है. बीते सोमवार (13 मई) को ही ओमान के तट के पास भारत के एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ था.
हालांकि, ओमान के अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सोमालिया से आ रहे इस पोत के सभी 14 चालक दल सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया था. फिलहाल इस हमले के पीछे किसका हाथ था, इसकी जांच जारी है. ऐसे माहौल में सुरक्षित रूप से इतनी बड़ी गैस खेप का भारत पहुंचना एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. Symbolic Photo