मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

खाद की किल्लत, किसानों ने किया चक्काजाम

खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने किया चक्काजाम

H

Hupendra Sharma

18 अग. 2025, 02:55 PM 2 मिनट में पढ़ें 15

धरना-प्रदर्शन
धरना-प्रदर्शन

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में खाद संकट गहराता जा रहा है. खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं. सोमवार को रायगढ़ जिले में किसानों का गुस्सा ही फूट पड़ा और सड़कों पर उतर गए.


दर्जन भर से अधिक गांवों के किसानों ने रायगढ़-खरसिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की. वहीं कई सहकारी समितियों में कामकाज बंद कराते हुए किसानों ने ताला जड़कर धरना प्रदर्शन किया.

विज्ञापन


आंदोलन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अनुराधा पटेल मौके पर पहुंची. उन्होंने किसानों को शीघ्र ही खाद मिलने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त किया.


खाद की कमी को लेकर खरसिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टेका, पचेड़ा, अमलीडीह, गोर्रा, ठाकुरपाली, जामपाली, गुलाटी, तुरेकेला सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान नंदेली मुख्य सड़क पर गोर्रा चौक के पास उतरकर चक्काजाम शुरू कर दिया.


बताया गया कि खरसिया विकासखंड की गोर्रा सोसायटी में लगभग 300 किसान पंजीकृत हैं, लेकिन लंबे समय से यहां खाद की समस्या बनी हुई है. किसान रोज खाद के लिए सोसायटी का चक्कर लगा रहे हैं. उसके बाद भी उन्हें खाद नहीं मिल रहा है. 


किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसल पर विपरीत असर पड़ रहा है. काफी दिनों तक बारिश नहीं होने से पौधे पहले के कमजोर है. अब बारिश शुरू होने से खेतों में खाद की बहुत ही ज्यादा आवश्यकता है. सप्ताहभर के भीतर फसल को खाद नहीं मिला तो उत्पादन पर असर पड़ेगा.


इस बीच चक्काजाम का समर्थन करने चंद्रपुर कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव भी पहुंचे. विधायक ने भी किसानों की मांग का समर्थन करते हुए खाद की समस्या को जल्द दूर करने की मांग की.

गोदाम में जड़ा ताला

इधर खरसिया विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाले आदिमजाति सेवा सहकारी समिति तुरेकेला में खाद संकट गहराने से नाराज किसानों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया.


यहां के पंजीकृत किसान सोमवार को सोसाइटी पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारियों से कामकाज बंद करा दिया.


इसके बाद गोदाम में ताला लगा धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. किसानों का कहना है कि तत्काल उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसान उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP